1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अखिलेश के मैनिफेस्टो से बढ़ी कांग्रेस की मुश्किल, दो प्लान हुए तैयार

अखिलेश के मैनिफेस्टो से बढ़ी कांग्रेस की मुश्किल, दो प्लान हुए तैयार

यूपी चुनाव 2027 से पहले अखिलेश यादव के घोषणापत्र के बाद कांग्रेस की मुश्किल बढ़ी। पार्टी अलग और साझा घोषणापत्र लाने के विकल्प पर कर रही विचार।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
अखिलेश के मैनिफेस्टो से बढ़ी कांग्रेस की मुश्किल, दो प्लान हुए तैयार

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (Uttar Pradesh Assembly Election 2027) से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर सियासी हलचल तेज कर दी है। बता दें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सामाजिक न्याय और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को केंद्र में रखकर अपनी चुनावी रणनीति सामने रखी है। वहीं, गठबंधन की सहयोगी कांग्रेस के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। कांग्रेस अब तक अपनी मैनिफेस्टो कमेटी (Manifesto Committee) का गठन नहीं कर पाई है। ऐसे में पार्टी इस उलझन में है कि वह अपना अलग घोषणापत्र जारी करे या सपा के साथ मिलकर साझा एजेंडा पेश करे। इसी को लेकर कांग्रेस के भीतर दो अलग-अलग घोषणापत्र लाने के विकल्प पर चर्चा चल रही है।

कांग्रेस के सामने गठबंधन और घोषणापत्र की चुनौती

यूपी में सपा के घोषणापत्र जारी करने के बाद कांग्रेस के लिए अपनी राजनीतिक जमीन बचाना चुनौती बन गया है। पार्टी के सामने दो विकल्प हैं। पहला, कांग्रेस अपना अलग घोषणापत्र जारी करे और दूसरा, सपा के साथ मिलकर साझा घोषणापत्र लाए। साझा घोषणापत्र में उन मुद्दों और वादों को शामिल किया जा सकता है, जिन पर दोनों दलों की सहमति होगी।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि गठबंधन में अलग-अलग घोषणापत्र जारी करना कोई नई बात नहीं है। बिहार चुनाव में भी ऐसा किया जा चुका है। उनके मुताबिक, कांग्रेस अपना अलग मैनिफेस्टो जारी कर सकती है, जबकि गठबंधन का साझा घोषणापत्र भी सामने आएगा।

पहले सम्मानजनक सीटों पर बातचीत चाहती है कांग्रेस

ऐसे में कांग्रेस के कुछ नेताओं का मानना है कि घोषणापत्र से पहले सीटों का बंटवारा तय होना जरूरी है। पार्टी की प्राथमिकता सपा के साथ गठबंधन में सम्मानजनक सीटें हासिल करना है। दिसंबर की शुरुआत में दोनों दलों के बीच बातचीत का अगला दौर होने की संभावना है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी जल्द ही अपनी मैनिफेस्टो कमेटी बनाने का ऐलान कर सकती है। इसके बाद यूपी की जनता के लिए अलग चुनावी वादे तैयार किए जाएंगे। गठबंधन पर सहमति बनने के बाद साझा घोषणापत्र पर भी फैसला लिया जा सकता है।

अखिलेश के पीडीए एजेंडे से कांग्रेस की बढ़ी चिंता

अखिलेश यादव ने संविधान दिवस पर सामाजिक न्याय और पीडीए वर्ग से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी थी। इससे कांग्रेस के सामने अपनी अलग पहचान बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई है। पार्टी चाहती है कि गठबंधन मजबूत रहे, लेकिन प्रदेश में उसका संगठन और राजनीतिक प्रभाव भी बढ़े।

खरगे की नसीहत के बाद कांग्रेस में मंथन

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लखनऊ दौरे के बाद प्रदेश संगठन में भी नई चर्चा शुरू हुई है। खरगे ने नेताओं को आपसी मतभेद खत्म कर भाजपा के खिलाफ मिलकर काम करने की सलाह दी थी। वहीं, प्रदेश कांग्रेस के कुछ नेता सपा के साथ सीटों के बंटवारे में मजबूती से अपनी बात रखने के पक्ष में हैं। अब देखना होगा कि कांग्रेस अलग घोषणापत्र जारी करती है या सपा के साथ साझा एजेंडे पर आगे बढ़ती है।

ये भी पढ़ें: अखिलेश का बड़ा दावा, पेपर लीक से हर विधानसभा में 25 हजार नाराज

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...