Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Elections 2027) को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चुनावी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। दरसअल, पार्टी का फोकस उन कमियों को दूर करने पर है, जिनका असर पिछले चुनावों में देखने को मिला था। इस क्रम में पार्टी ने विधायकों और मंत्रियों के कामकाज तथा जनता के बीच उनकी छवि को लेकर सर्वे कराया है।
अधिकारीयों के मुताबिक, सर्वे में 100 से ज्यादा विधायकों की छवि को लेकर नकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई है। इनमें कुछ कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्री और राज्यमंत्री भी शामिल बताए जा रहे हैं। ऐसे में बताया जा रहा है कि इन नेताओं को लेकर जनता के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी है।
सर्वे के बाद भाजपा में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा शुरू हो गई है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई विधायकों और मंत्रियों को लेकर पार्टी नए विकल्प तलाश रही है। वहीं, कुछ मंत्रियों को अपनी मौजूदा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने में मुश्किल नजर आ रही है। ऐसे में वे दूसरी सीट से चुनाव लड़ने की संभावना तलाश रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, 2027 के विधानसभा चुनाव में बड़ी संख्या में मौजूदा चेहरों की जगह नए उम्मीदवारों को मौका दिया जा सकता है।
भाजपा इस बार सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने पर भी ध्यान दे रही है। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 312 सीटें जीती थीं, जबकि एनडीए को कुल 325 सीटें मिली थीं। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सीटें घटकर 255 रह गईं। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सीटें 33 रह गईं। इन नतीजों के बाद पार्टी जातीय और सामाजिक समीकरणों को नए सिरे से साधने की रणनीति बना रही है।
भाजपा उन विधानसभा सीटों पर भी ध्यान दे रही है, जहां पिछले चुनाव में पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी या जीत-हार का अंतर कम था। इन सीटों पर ऐसे उम्मीदवारों की तलाश की जा रही है, जिन्हें मैदान में उतारने पर पार्टी का प्रदर्शन बेहतर हो सके। फिलहाल टिकट को लेकर पार्टी के अंदर मंथन जारी है। आने वाले समय में सर्वे, संगठन की रिपोर्ट और स्थानीय कार्यकर्ताओं की प्रतिक्रिया के आधार पर उम्मीदवारों को लेकर फैसला किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: सीतापुर में 3.50 करोड़ की सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर, हाईवे किनारे अवैध निर्माण हटाया