1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अखिलेश का बड़ा दावा, पेपर लीक से हर विधानसभा में 25 हजार नाराज

अखिलेश का बड़ा दावा, पेपर लीक से हर विधानसभा में 25 हजार नाराज

अखिलेश यादव ने पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। ऐसे में दावा किया कि हर विधानसभा में 25 हजार वोटर नाराज हैं।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
अखिलेश का बड़ा दावा, पेपर लीक से हर विधानसभा में 25 हजार नाराज

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Elections 2027) को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। दरसअल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पेपर लीक, भर्ती परीक्षाएं रद्द होने और बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा है। जिसमें उन्होंने दावा किया है कि प्रदेश की हर विधानसभा सीट पर करीब 25 हजार युवा और उनके परिवार भाजपा सरकार से नाराज हैं। अखिलेश का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों का असर आगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिल सकता है।

अखिलेश यादव ने गणित से समझाया नाराजगी का आंकड़ा

अखिलेश यादव ने आज शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर भर्ती परीक्षाओं से प्रभावित युवाओं और उनके परिवारों का हिसाब बताया। जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा रद्द होने का उदाहरण देते हुए कहा कि इस परीक्षा में 2,65,270 अभ्यर्थी शामिल होने वाले थे। यदि प्रत्येक अभ्यर्थी के साथ उसके माता-पिता को भी जोड़ा जाए तो प्रभावित लोगों की संख्या 7,95,810 हो जाती है। साथ ही, उन्होंने आगे प्रदेश में हुई करीब 20 अन्य पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं का जिक्र करते हुए इस संख्या को 403 विधानसभा सीटों के आधार पर बांटा। अपने गणित के जरिए अखिलेश ने दावा किया कि भर्ती परीक्षाओं से प्रभावित लोगों की संख्या हर विधानसभा क्षेत्र में हजारों में है।

हर विधानसभा में 25 हजार नाराज वोटर होने का दावा

सपा अध्यक्ष ने कहा कि न्यूनतम अनुमान के आधार पर भी हर विधानसभा क्षेत्र में करीब 25 हजार ऐसे युवा और आम मतदाता हैं, जो भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और परीक्षाएं रद्द होने से नाराज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को अब समझ आ गया है कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी की समस्या का समाधान नहीं हो सकता। अखिलेश ने कहा कि ये नाराज युवा और उनके परिवार 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ मतदान कर सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि युवा अपने गुस्से का जवाब वोट के जरिए देंगे।

भाजपा पर नौकरी और आरक्षण को लेकर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने एक अन्य पोस्ट में भाजपा सरकार की रोजगार नीति पर सवाल उठाए। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के एजेंडे में युवाओं को स्थायी नौकरी देना शामिल नहीं है। नौकरी देने पर सरकार को पीडीए वर्ग को आरक्षण और कर्मचारियों को वेतन भी देना पड़ेगा। उन्होंने संविदा और ठेके पर भर्ती करने की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। अखिलेश का आरोप है कि सरकार स्थायी रोजगार देने के बजाय ठेकेदारी व्यवस्था को बढ़ावा दे रही है।

ये भी पढ़ें: हाईकोर्ट ने भाजपा विधायक ओम कुमार का चुनाव किया रद्द

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...