1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी चुनाव से पहले पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव को घेरा

यूपी चुनाव से पहले पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव को घेरा

महराजगंज में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव के घोषणा पत्र पर निशाना साधा। कहा- पुराने कारनामों का भी देना होगा हिसाब।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
यूपी चुनाव से पहले पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव को घेरा

Uttar Pradesh News: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। महराजगंज में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अखिलेश यादव के चुनावी घोषणा पत्र पर सवाल उठाए। पंकज चौधरी ने कहा कि घोषणा पत्र के पन्नों पर सुशासन लिख देने से इतिहास नहीं बदल जाता। अखिलेश यादव को अपने पुराने कारनामों का भी हिसाब देना होगा। साथ ही, उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को भी पता है कि उत्तर प्रदेश में उनकी सरकार बनने वाली नहीं है। इसी वजह से वह कोई भी घोषणा कर सकते हैं। पंकज चौधरी ने आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भी समाजवादी पार्टी ने जनता को गुमराह करने का काम किया था। उन्होंने कहा कि केवल घोषणाएं करने से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता, इसके लिए काम और बेहतर शासन का रिकॉर्ड जरूरी है।

भाजपा गठबंधन में सीट बंटवारे पर क्या बोले पंकज चौधरी?

भाजपा के सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे और गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर पंकज चौधरी ने कहा कि अभी इस संबंध में बैठकें शुरू नहीं हुई हैं। ऐसे में सभी सहयोगी दलों के नेता एक साथ बैठकर बातचीत करेंगे और आपसी सहमति से सीटों का बंटवारा किया जाएगा। उन्होंने फिलहाल गठबंधन को लेकर किसी तरह की जल्दबाजी से इनकार किया।

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर भी दी प्रतिक्रिया

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की रैली में दलित और मुस्लिम वोटों को एकजुट करने की कोशिश से जुड़े सवाल पर भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है। चुनाव के दौरान नए-नए राजनीतिक समीकरण बनते हैं और गठबंधन भी होते हैं। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि इन राजनीतिक समीकरणों का भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा को अपने कार्यकर्ताओं की ताकत पर पूरा विश्वास है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काम के आधार पर पार्टी उत्तर प्रदेश में एक बार फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। इस दौरान उन्होंने पार्टी की चुनावी तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए भाजपा की जीत का भरोसा जताया।

ये भी पढ़ें: मां पाटेश्वरी के दरबार में नतमस्तक हुए सीएम योगी

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...