Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (Uttar Pradesh Assembly Election 2027) को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। बता दें पार्टी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जरिए चुनाव प्रचार का शंखनाद करने की तैयारी में है। इसके लिए 10 दिसंबर को सहारनपुर में राहुल गांधी की रैली प्रस्तावित है। हालांकि, अभी कार्यक्रम का पूरा खाका तैयार नहीं हुआ है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लगातार बैठकें कर चुनावी रणनीति बनाने में जुटे हैं।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां शुरू कर दी हैं। पार्टी सहारनपुर से चुनाव प्रचार की शुरुआत करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए 10 दिसंबर की तारीख तय करने पर चर्चा चल रही है। राहुल गांधी इस कार्यक्रम के जरिए प्रदेश में कांग्रेस के चुनावी अभियान का आगाज कर सकते हैं।
बता दें शुक्रवार को यूपी कांग्रेस के राज्य मुख्यालय में इस संबंध में अहम बैठक हुई। इसमें यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद शामिल हुए। बैठक में राहुल गांधी की रैलियों और चुनाव प्रचार की रणनीति पर चर्चा की गई।
कांग्रेस की योजना केवल राहुल गांधी तक सीमित नहीं है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनावी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई है। पार्टी नेताओं के मुताबिक, तीनों बड़े नेता उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए समय देने को तैयार हैं।
राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि चुनाव प्रचार अभियान की रूपरेखा तैयार की जा रही है। वहीं, आराधना मिश्रा ने कहा कि अभी कार्यक्रम को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। इस संबंध में दिल्ली में दोबारा बैठक होनी है।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर भी बातचीत जारी है। बताया जा रहा है कि सीटों की संख्या तय होने के बाद कांग्रेस अपने प्रचार अभियान में बदलाव कर सकती है। इधर, समाजवादी पार्टी सहारनपुर की दो विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है। ऐसे में राहुल गांधी के सहारनपुर से प्रचार शुरू करने की तैयारी को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस के अंदर भी सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की कार्यशैली से नाराज बताए जा रहे हैं। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच महीनों में गौतम ने उनसे मुलाकात तक नहीं की और न ही उनकी राय ली।
संगठन सृजन अभियान में सांसदों को शामिल नहीं किए जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई है। ऐसे में कांग्रेस के सामने चुनावी गठबंधन के साथ संगठन को मजबूत करने की चुनौती भी बनी हुई है।
ये भी पढ़ें: राजभर का अखिलेश पर तीखा प्रहार, कहा- संविधान बड़ा या कुरान