Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मेरठ स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल (Sardar Vallabhbhai Patel) कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में कई विकास कार्यों का शिलान्यास और निरीक्षण किया। जिसमें उन्होंने अधिकारियों, शिक्षकों और विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक कर कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया।
जानकारी के लिए बता दें राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास किया। ऑडिटोरियम का निर्माण 38.21 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। इसके मार्च 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है। वहीं, करीब 10.50 करोड़ रुपये की लागत से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। यहां बैंक, एटीएम, मेडिकल स्टोर, फूड कोर्ट, किराना दुकान और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पशुपालन को बढ़ावा देने की जरूरत है। मौसम की मार से फसल खराब होने पर पशुपालन किसानों के लिए आय का महत्वपूर्ण साधन बन सकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय में कृत्रिम गर्भाधान की प्रयोगशाला विकसित करने के निर्देश भी दिए, जिससे विद्यार्थियों और ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण मिल सके।
राज्यपाल ने एग्रीटेक इनोवेशन हब प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), स्मार्ट कृषि और रिमोट मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए उपयोगी मोबाइल एप और तकनीकी नवाचार विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ड्रोन दीदी परियोजना के तहत ग्रामीण महिलाओं को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। साथ ही नाबार्ड के सहयोग से किसानों, युवाओं और महिलाओं को AI, IoT और ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की हाईटेक नर्सरी का भी निरीक्षण किया। यहां फूलगोभी, ब्रोकली, शिमला मिर्च, बैंगन और टमाटर सहित कुल 74,600 पौधे तैयार किए गए हैं। इसके अलावा उन्होंने किसानों को गेहूं, गन्ना और आलू के साथ फसल विविधीकरण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय के रजत जयंती वन में राज्यपाल ने लाल चंपा का पौधा लगाया। करीब दो एकड़ में विकसित इस वन में 11 प्रजातियों के 310 पौधे लगाए गए हैं। राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक कृषि और किसानों तक नई तकनीक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
ये भी पढ़ें: यूपी में भाजपा का बड़ा चुनावी दांव, कई विधायकों की सीट बदलने की तैयारी