अलीगढ़ में आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को नवीन पुलिस लाइन छेरत में दंगा नियंत्रण योजना के तहत व्यापक पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस लाइन बल, रिक्रूट पुरुष एवं महिला आरक्षी, फायर सर्विस टीम, घुड़सवार पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

पूर्वाभ्यास के दौरान पुलिस बल को दंगा निरोधक और बल्वा नियंत्रण उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया। जवानों को आधुनिक शस्त्रों और सुरक्षा उपकरणों के प्रभावी उपयोग के साथ उपद्रव की स्थिति में कार्रवाई करने की रणनीतियों का व्यवहारिक अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने बल को भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील परिस्थितियों में संयम बनाए रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

अभ्यास के दौरान विभिन्न स्थितियों का प्रदर्शन भी किया गया। भीड़ को नियंत्रित करने और तितर-बितर करने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से पानी की बौछार, लाठीचार्ज, आँसू गैस के गोले, रबर बुलेट और अन्य दंगा नियंत्रण उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा एंटी राइट गन, टीयर गैस गन और अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यप्रणाली भी समझाई गई।
साथ ही पुलिस अधिकारियों ने अलग-अलग टीमों का गठन कर दंगा नियंत्रण से जुड़े कानूनी प्रावधानों और कार्रवाई की प्रक्रिया का क्रमवार अभ्यास कराया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार के पूर्वाभ्यास का उद्देश्य बल को हर परिस्थिति के लिए तैयार रखना और त्योहारों के दौरान जिले में शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है।