1. हिन्दी समाचार
  2. नोएडा
  3. ऑनलाइन गेम में कराची की महिला को हुआ प्यार, युवक के साथ रहने चार बच्चों को लेकर पहुंची नोएडा

ऑनलाइन गेम में कराची की महिला को हुआ प्यार, युवक के साथ रहने चार बच्चों को लेकर पहुंची नोएडा

पाकिस्तान से महिला प्रेमी के पास अकेली नहीं आई है। वह अपने साथ चार बच्चों को भी लेकर आई है।

By: Satyam Dubey  RNI News Network
Updated:
gnews
ऑनलाइन गेम में कराची की महिला को हुआ प्यार, युवक के साथ रहने चार बच्चों को लेकर पहुंची नोएडा

कहावत है कि प्यार अंधा होता है। प्यार में सिर्फ दो दिलों की बात होती है। प्यार कब, कहां और किससे हो जाए, इसकी किसी को भी भनक नहीं होती। ऐसा ही एक मामला सामने आया है यूपी के नोएडा से। जहां एक पाकिस्तानी महिला को ऑनलाइन गेमिंग के जरिए नोएडा में रह रहे एक युवक से इश्क हो जाता है। प्यार इस कदर परवान चढ़ता है कि महिला को तीन देशों की सीमा की भी फिक्र नहीं होती। वह नेपाल के रास्ते भारत में एंट्री लेकर सीधे नोएडा अपने आशिक के पास आ जाती है।

पाकिस्तान से महिला प्रेमी के पास अकेली नहीं आई है। वह अपने साथ चार बच्चों को भी लेकर आई है। युवक महिला के साथ किराए के कमरे में रहने लगा। युवक पाकिस्तानी महिला को अपनी पत्नी बताता था। इस बात की जानकारी एलआईयू को लग गई। जानकारी होते ही एलआईयू की टीम ऐक्टिव हुई और महिला को पकड़ने के लिए दबिश दी। लेकिन महिला एलआईयू के आने से पहले ही चारों बच्चों को लेकर फरार हो गई।

पुलिस के हाथ अभी महिला नहीं लगी है, लेकिन उसके साथ रह रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पाकिस्तानी महिला की तलाश में छापेमारी चल रही है। महिला की आखिरी लोकेशन मथुरा के आसपास मिली है, लेकिन अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस ने जिस युवक को गिरफ्तार किया है उसका नाम सचिन है।

सचिन पल्लेदारी का काम करता है। साल 2020 में ऑनलाइन गेम के जरिए उसका संपर्क पाकिस्तान के कराची की रहने वाली महिला से हो गया। महिला ने अपना नाम सीमा बताया है। गेम के दौरान दोनों काफी दिनों तक बातचीत करते रहे। इसके बाद दोनों ने अपने मोबाइल नंबर एक दूसरे से साझा किए। इसके बाद दोनों की बातचीत मोबाइल से होने लगी।

पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि सीमा ने मुझे बताया कि उसका पति से विवाद चल रहा है। पति दुबई में काम करता है। वह उससे मिलने नहीं आता है। इसके बाद करीब 6 महीने तक बातचीत होती रही। फिर एक दिन उसने मुझे मिलने के लिए काठमांडू बुलाया। मैं उससे पहली बार काठमांडू में मिला। दोनों 2 से तीन दिन तक साथ में रहे। उसके बाद वो कराची चली गई और मैं अपने घर लौट आया। उसके बाद हम दोनों की काठमांडू में ही कई बार मुलाकात हुई। उसने अपने 1 बेटे और 3 बेटियों से भी मिलवाया था।

पुलिस की माने तो पाकिस्तानी महिला सीमा का पूरा नाम सीमा गुलाम हैदर है। महिला का पति दुबई में रहकर नौकरी करता है। महिला के पति से उसे एक बेटा फरहान अली व बेटी फरवा, फरिहा व फराह हैं। फिलहाल महिला चारों बच्चों को लेकर फरार है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...