1. हिन्दी समाचार
  2. अथॉरिटी की बात
  3. ग्रेटर नोएडा के नए CEO डॉ. बलकार सिंह ने संभाला कार्यभार, किसानों को मिलेगी प्राथमिकता

ग्रेटर नोएडा के नए CEO डॉ. बलकार सिंह ने संभाला कार्यभार, किसानों को मिलेगी प्राथमिकता

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नए CEO डॉ. बलकार सिंह ने कार्यभार संभालते ही किसानों की समस्याओं, विकास कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
ग्रेटर नोएडा के नए CEO डॉ. बलकार सिंह ने संभाला कार्यभार, किसानों को मिलेगी प्राथमिकता

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) डॉ. बलकार सिंह ने बुधवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ पहली बैठक की और विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। साथ ही शहर के विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

भूमि अधिग्रहण में किसानों की सहमति और मांगों का रखें ध्यान

2004 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. बलकार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में किसानों की सहमति और उनकी जायज मांगों का ध्यान रखा जाए। किसानों और आवंटियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण कार्यालय आने वाले किसी भी व्यक्ति को असुविधा नहीं होनी चाहिए।

विकास कार्यों की गुणवत्ता पर CEO सख्त, नियमित निगरानी के दिए निर्देश

विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए CEO ने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और प्रतिष्ठित एजेंसियों से गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, प्रदूषण नियंत्रण के लिए सड़कों के किनारे और सेंट्रल वर्ज पर घास लगाने तथा अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर समस्याओं की पहचान करने को कहा।

भूजल बचाने से लेकर निवेश बढ़ाने तक, CEO डॉ. बलकार सिंह ने दिए अहम निर्देश

डॉ. बलकार सिंह ने भूजल के इस्तेमाल को कम करने के लिए एसटीपी से शोधित पानी का सिंचाई और निर्माण कार्यों में अधिक उपयोग करने पर भी जोर दिया। इसके अलावा आवासीय सेक्टरों में खाली पड़े भूखंडों के आवंटियों को निर्माण के लिए प्रेरित करने और निवेशकों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए। बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह, सुमित यादव और नुपुर गोयल समेत प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। CEO डॉ. बलकार सिंह ने साफ किया कि किसानों की समस्याओं का समाधान, बेहतर बुनियादी सुविधाएं, स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण और गुणवत्तापूर्ण विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...