1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने की स्वास्थ्य शिविर रिपोर्ट की समीक्षा , बच्चों के उपचार के दिए निर्देश

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने की स्वास्थ्य शिविर रिपोर्ट की समीक्षा , बच्चों के उपचार के दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जनभवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में आयोजित स्वास्थ्य शिविर की रिपोर्ट की समीक्षा की। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण में चिन्हित बीमारियों के उपचार, दवाओं के नियमित सेवन और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने की स्वास्थ्य शिविर रिपोर्ट की समीक्षा , बच्चों के उपचार के दिए निर्देश

लखनऊ :उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जनभवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में आयोजित स्वास्थ्य शिविर की रिपोर्ट की समीक्षा की और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

स्वास्थ्य शिविर के दौरान 21 और 27 अप्रैल 2026 को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय यानी KGMU के आठ विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 394 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया था। समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने स्वास्थ्य परीक्षण रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन बच्चों में विभिन्न प्रकार की बीमारियां चिन्हित हुई हैं, उनका उचित उपचार KGMU में सुनिश्चित किया जाए।

राज्यपाल ने जनभवन चिकित्सालय और संबंधित अधिकारियों को इस कार्य में समन्वय स्थापित करने और उपचार प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय की प्रधानाचार्या और शिक्षकों को भी यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि स्कूल समय के दौरान बच्चे समय पर दवाइयों का सेवन करें।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अभिभावकों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें बच्चों के स्वास्थ्य और उपचार को लेकर जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने इस अभियान की नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

बैठक के दौरान मोहान रोड स्थित राजकीय बाल गृह और सिंधी खेड़ा स्थित बालिका गृह में पहले आयोजित स्वास्थ्य शिविरों की स्थिति की समीक्षा करने तथा नए बच्चों के लिए फिर से स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके साथ ही जनभवन में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के तहत जिन बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की पहली डोज दी गई थी, उन्हें निर्धारित समय पर दूसरी डोज उपलब्ध कराने की तैयारी सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

राज्यपाल ने KGMU के चिकित्सकों और विशेषज्ञों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय समाज के वंचित और जरूरतमंद बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...