Uttar Pradesh News: गोरखपुर और पूर्वांचल के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गीडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) के 37वें स्थापना दिवस समारोह में कई बड़ी घोषणाएं कीं। इस दौरान क्षेत्र में 17,650 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के लिए पांच कंपनियों के साथ एमओयू किए गए। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने गीडा और धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप के लिए 502 करोड़ रुपये की 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
स्थापना दिवस समारोह में पांच कंपनियों ने गोरखपुर में निवेश के प्रस्ताव दिए। इनमें एक्मे कंपनी की ओर से ग्रीन अमोनिया परियोजना के लिए 16 हजार करोड़ रुपये का सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव रखा गया। वहीं, सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स ने दवा निर्माण इकाई के लिए 500 करोड़ रुपये निवेश करने का प्रस्ताव दिया। इसके अलावा आर्बिट ग्रुप ने आयरन, स्टील और एल्युमीनियम व्हील रोलिंग परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये, एसआर मदर्स नेचर डिस्टिलरीज ने 500 करोड़ रुपये और दीपक नेक्सजेन फीड्स ने मत्स्य आहार उत्पादन इकाई के लिए 150 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया।
मुख्यमंत्री ने कुल 502 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 188.84 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 40 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। वहीं, 313.47 करोड़ रुपये की लागत वाली 64 परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ।
जानकारी के लिए बता दें इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, बिजली व्यवस्था, विद्युत उपकेंद्र और औद्योगिक सुविधाओं का विस्तार शामिल है। साथ ही श्रमिकों की सुविधा के लिए लेबर डॉरमेट्री बनाने की योजना भी प्रस्तावित है।
गीडा के स्थापना दिवस समारोह में पहली बार जापान, नेपाल, ऑस्ट्रिया, वियतनाम और श्रीलंका के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। यहां औद्योगिक प्रदर्शनी, व्यापार मेला और बायर्स-सेलर्स मीट का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में गारमेंट पार्क, प्लास्टिक पार्क, फर्नीचर, स्टार्टअप और एक जिला एक व्यंजन के उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। तीन दिवसीय यह आयोजन 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक चलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में प्रदेश में निवेश बढ़ाने, उद्योगों का विस्तार करने और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इन निवेश प्रस्तावों और विकास परियोजनाओं से गोरखपुर सहित पूरे पूर्वांचल में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: यूपी में नए वोटर बनाने में राजनीतिक दलों की दिलचस्पी हुई कम