Uttar Pradesh News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर मतदाता सूची (Voter List) में कथित तौर पर फर्जी वोट जुड़वाने की साजिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर फॉर्म-6 के जरिए करोड़ों फर्जी वोट जुड़वाने की कोशिश कर रही है। एसआईआर के बाद फॉर्म-6 के आवेदनों में 22 गुना बढ़ोतरी हुई है। जिन विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर के दौरान वोट कम हुए थे, वहां दोबारा मतदाताओं की संख्या बढ़ने लगी है।
जानकारी के लिए बता दें आज शुक्रवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री और मुख्य निर्वाचन अधिकारी के बयानों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम कटने की बात कह रहे हैं, जबकि मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से ढाई करोड़ वोटर गायब होने की बात सामने आई है। आखिर दोनों में सच कौन बोल रहा है?
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मतदाताओं के नाम गायब होने का मुद्दा उठाकर फर्जी वोट जोड़ने की कथित साजिश से ध्यान हटाया जा रहा है। जिसमें उन्होंने दावा किया कि 17 नवंबर तक मतदाता सूची में 2 लाख 84 हजार फर्जी वोट जुड़वाए गए हैं। पार्टी ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की है। उन्होंने इलाहाबाद दक्षिण, गाजियाबाद, गोरखपुर शहरी, इलाहाबाद पश्चिम और वाराणसी कैंट विधानसभा क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए कहा कि एसआईआर के बाद हर एक हजार मतदाताओं पर 5 से 7 डुप्लीकेट वोटर जोड़े गए हैं। 15 अक्टूबर को भी पार्टी ने ऑडिट जारी कर मतदाता सूची में लाखों डुप्लीकेट वोटरों की जानकारी दी थी। इसके बावजूद 17 नवंबर को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में ऐसे नाम मौजूद हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी जल्द ही प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात करेगी और फर्जी वोटरों की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग करेगी। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने वोटर आईडी को आधार से जोड़ने, बायोमेट्रिक सत्यापन कराने और मेटल का वोटर कार्ड बनाने की मांग भी उठाई।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा 2027 का विधानसभा चुनाव हारने जा रही है, इसलिए परिसीमन का बिल लाना चाहती है। उन्होंने परिसीमन को भाजपा की बड़ी भूल बताया। कांग्रेस के साथ गठबंधन पर उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां बातचीत करके जीतने वाले प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारेंगी। इंडिया गठबंधन भाजपा को हराएगा। महंगाई, नोटबंदी और चीन सीमा के मुद्दे पर भी उन्होंने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने स्मार्ट सिटी बनाने का वादा किया था, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका असर दिखाई नहीं देता। अखिलेश ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणापत्र के सभी वादों को पूरा करने के लिए पहले से तैयारी और आकलन किया है।
ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में प्लास्टिक पर सख्ती, 16 हजार रुपये जुर्माना