1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मंत्रालय बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला

मंत्रालय बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंत्रालयों के बंटवारे में हो रही देरी को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि मंत्रालयों और विभागों के बंटवारे में देरी की असली वजह ‘कमीशन कमाई’ के बंटवारे को लेकर डबल इंजन सरकार के भीतर टकराव है।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
मंत्रालय बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंत्रालयों के बंटवारे में हो रही देरी को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि मंत्रालय-विभाग की ‘कमीशन-कमाई’ के बंटवारे के डबल इंजन आपस में टकरा रहे हैं। दीर्घ प्रतीक्षा के बाद जो नये मंत्री बने हैं वो बेचारे तो बस दर्शक दीर्घा में बैठकर, गेंद को इधर-उधर आते-जाते देख रहे हैं। भाजपाई डबल इंजन बाक़ी सब मंत्रियों को ‘डब्बा’ कर देता है।

सपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने ठाना है कि नये मंत्रियों को जो भी मंत्रालय-विभाग मिलेगा, उस पर पूरी तरह से निगाह-निगरानी रखी जाएगी, जिससे ये नये-नवेले मंत्रीगण अपने ख़जाने न भर सकें। इस बात के लिए काग़ज़ी प्रमाण के साथ-साथ और भी आडियो-वीडियो सबूत इकट्ठे किये जाएंगे और इन भाजपाइयों की कलई खोली जाएगी। अब जनता ही भाजपाई लोगों को अपने टैक्स के पैसों की लूट करने से रोकेगी क्योंकि भ्रष्टाचार रोकने के बाक़ी सारे विभाग तो भ्रष्ट भाजपा ने बर्बाद कर ही दिये हैं। जनता को लगता है अब सोशल मीडिया और सिटिज़न जर्नलिज्म के माध्यम से ही उनको न्याय मिल सकता है।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार जानती है कि ये आख़िरी बार है जब वो सत्ता में है, इसीलिए ये भाजपाई दसों हाथों से पैसा बटोरना चाहते हैं। जागरूक जनता अब इन भाजपाइयों को उनके गंदे मंसूबों में कामयाब नहीं होने देगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...