1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. योगी सरकार ने हिमाचल गए लापता लोगों को वापस लाने के लिए झोंकी ताकत, रेस्क्यू मिशन से कई लोगों की हुई वापसी

योगी सरकार ने हिमाचल गए लापता लोगों को वापस लाने के लिए झोंकी ताकत, रेस्क्यू मिशन से कई लोगों की हुई वापसी

यूपी से कुल 307 लोग पर्यटन समेत कुछ अन्य कारणों से बीते दिनों हिमाचल प्रदेश गए थे। तभी पहाड़ पर आपदा आ गई, जिसमें ये लोग बुरी तरह फंस गए। आपदा की आहट मिलते ही योगी सरकार ने यूपी के लोगों के फंसे होने की जानकारी जुटाई और फिर रेस्क्यू मिशन लांच कर दिया।

By: Satyam Dubey  RNI News Network
Updated:
gnews
योगी सरकार ने हिमाचल गए लापता लोगों को वापस लाने के लिए झोंकी ताकत, रेस्क्यू मिशन से कई लोगों की हुई वापसी

यूपी के लोगों पर जब भी आपदा आती है तो प्रदेश की योगी सरकार उनके लिए कवच बन जाती है। हिमाचल प्रदेश में आई आपदा में भी सरकार का यह कवच यूपी के लोगों की हिफाजत कर रहा है। पर्यटन के लिए हिमाचल प्रदेश गए यूपी के लोग अचानक वहां हुई भारी बारिश और लैंडस्लाइडिंग और बाढ़ के बीच बुरी तरह फंस गए थे, लेकिन प्रदेश सरकार ने रेस्क्यू मिशन चलाकर अब तक सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है।

आपको बता दें कि कुछ लोगों को वहां से सुरक्षित वापस लाया जा रहा है तो वहीं कुछ अन्य लोगों के सुरक्षित होने की सूचना सरकार ने जुटा ली है। वहीं चंद लोग ही ऐसे हैं, जिन तक सरकार खराब नेटवर्क या खराब मौसम के चलते नहीं पहुंच पाई है। हालांकि, सरकार की ओर से उन लोगों को भी जल्द से जल्द सुरक्षित घर लाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, यूपी से कुल 307 लोग पर्यटन समेत कुछ अन्य कारणों से बीते दिनों हिमाचल प्रदेश गए थे। तभी पहाड़ पर आपदा आ गई, जिसमें ये लोग बुरी तरह फंस गए। आपदा की आहट मिलते ही योगी सरकार ने यूपी के लोगों के फंसे होने की जानकारी जुटाई और फिर रेस्क्यू मिशन लांच कर दिया। इस रेस्क्यू मिशन के तहत सरकार अब तक 95 लोगों को प्रदेश वापस लाने में कामयाब रही है तो वहीं 112 लोगों को वापस लाया जा रहा है।

वहीं, विभिन्न माध्यमों से यूपी के 77 लोगों के सुरक्षित होने की जानकारी जुटा ली गई है और जल्द उन्हें वापस लाने के प्रबंध किए जा रहे हैं। सिर्फ 23 नागरिक ऐसे हैं जिनसे खराब नेटवर्क, खराब मौसम, टूटे रास्तों या किसी अन्य वजह से संपर्क नहीं हो पा रहा है। हालांकि, सरकार ने इस 23 लोगों की जानकारी जुटाने के लिए अपना पूरा नेटवर्क लगा दिया है और भरोसा दिलाया है कि इन्हें भी जल्द से जल्द वापस यूपी लाया जाएगा।

जिन 23 लोगों से संपर्क नहीं हो पा रहा है, उसमें कानपुर, लखनऊ, सहारनपुर, मेरठ, आगरा, कन्नौज, झांसी और लखीमपुर जैसे जनपदों से लोग शामिल हैं। यूपी से ज्यादातर लोग मनाली पर्यटन के लिए गए थे। इसके अलावा कुछ लोग मंडी, कुल्लू, कसोल, सोलन, पुलगा, सोजा, सांगला, धर्मशाला और चंद्रताल वैली भी गए थे, जहां अचानक आई आपदा में वो फंस गए थे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...