नई दिल्ली: जल संरक्षण, स्वच्छ जल प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। रविवार, 15 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश के जलशक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने नई दिल्ली के ओखला स्थित यमुनोत्री परिसर में झील के पानी के शोधन एवं शुद्धिकरण के लिए स्थापित नवीन जल शोधन संयंत्र का उद्घाटन किया।इस संयंत्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य झील के पानी की गुणवत्ता में सुधार करना और जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना है। इसके संचालन से झील के जल का प्रभावी शोधन एवं शुद्धिकरण संभव होगा। साथ ही पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

27 नक्षत्रों के प्रतीक 27 प्रजातियों के वृक्षों का रोपण
कार्यक्रम के दौरान नक्षत्र वाटिका के अंतर्गत भारतीय ज्योतिष परंपरा में वर्णित 27 नक्षत्रों के प्रतीक स्वरूप 27 अलग-अलग प्रजातियों के वृक्षों का रोपण भी किया गया। यह पहल भारतीय सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को प्रकृति से जोड़ने के साथ-साथ जैव विविधता बढ़ाने और हरित परिसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जल संरक्षण और आधुनिक तकनीक पर दिया जोर
उद्घाटन अवसर पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जल संसाधनों के संरक्षण, पानी की गुणवत्ता बनाए रखने और आधुनिक तकनीक के माध्यम से जल शोधन व्यवस्था को मजबूत करने के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव अनिल गर्ग, मुख्य अभियंता (सज्जा एवं सामग्री प्रबंधन) उपेन्द्र सिंह, मुख्य अभियंता, यमुना संगठन दिनेश सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।