1. हिन्दी समाचार
  2. अन्य खबरें
  3. Mainpuri News: डिंपल यादव का भाजपा पर हमला, बोलीं- राम का चंदा लूटने वाले अब कृष्ण जी का चंदा लूटेंगे

Mainpuri News: डिंपल यादव का भाजपा पर हमला, बोलीं- राम का चंदा लूटने वाले अब कृष्ण जी का चंदा लूटेंगे

मैनपुरी के बरनाहल में सपा सांसद डिंपल यादव ने भाजपा पर हमला बोला। राम मंदिर के चंदे, मथुरा की राजनीति, SIR, बेरोजगारी और 2027 चुनाव पर बयान दिया।

By: Nivedita  RNI News Network
Updated:
Mainpuri News: डिंपल यादव का भाजपा पर हमला, बोलीं- राम का चंदा लूटने वाले अब कृष्ण जी का चंदा लूटेंगे

मैनपुरी। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने मैनपुरी में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। बरनाहल में सपा नेता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सिंह यादव के यहां आयोजित शादी समारोह में वह अपनी बेटी अदिति के साथ शामिल होने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए फोन टैपिंग, चुनाव आयोग, SIR, बेरोजगारी, अर्थव्यवस्था, राम मंदिर के चंदे और मथुरा की राजनीति सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।

डिंपल यादव ने भाजपा पर धार्मिक भावनाओं के जरिए राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा, ”राम का चंदा लूटने वाले अब कृष्ण जी का चंदा लूटने की तैयारी कर रहे हैं।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई।

राहुल गांधी की फोन टैपिंग पर क्या बोलीं डिंपल यादव?

राहुल गांधी के फोन टैपिंग से जुड़े सवाल पर सपा सांसद ने कहा कि फोन टैपिंग का मामला नया नहीं है। इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं और यह मुद्दा संसद में भी उठाया जा चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में इस तरह की कार्रवाई कोई नई बात नहीं है।

भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना

राहुल गांधी के भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘डेड इकोनॉमी’ बताए जाने वाले बयान का समर्थन करते हुए डिंपल यादव ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर देश की अर्थव्यवस्था मजबूत है तो सरकारी बैंकों के शेयर क्यों बेचे जा रहे हैं और निजीकरण को क्यों बढ़ावा दिया जा रहा है? सरकारी नौकरियों में कटौती क्यों हो रही है?डिंपल ने आरोप लगाया कि सरकार के पास पर्याप्त राजस्व जुटाने की क्षमता नहीं है, जिसके कारण सरकारी कर्मचारियों को वेतन और पेंशन देने में भी मुश्किलें आ रही हैं।

चुनाव आयोग और SIR प्रक्रिया पर उठाए सवाल

चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर उठ रहे सवालों पर डिंपल यादव ने कहा कि आयोग के कामकाज पर गंभीर आरोप लगे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने SIR प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के बाद भी वोटों की गिनती और नाम हटाने का काम जारी है। अब पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से तुलना करने की बात कही जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर देश में चुनावी प्रक्रिया को लेकर क्या चल रहा है और सरकारी संसाधनों पर इतना पैसा क्यों खर्च किया जा रहा है?

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन पर दिया बड़ा बयान

विपक्षी गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर डिंपल यादव ने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि 2027 का चुनाव जीतने के उद्देश्य से लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने जमीनी स्तर पर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं और पार्टी को पूरा भरोसा है कि गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करेगा।

पेपर लीक और शिक्षामित्रों के मुद्दे पर भी घेरा

डिंपल यादव ने पेपर लीक की घटनाओं को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जानबूझकर कराए जा रहे हैं। युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।शिक्षामित्रों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि आज भी शिक्षामित्र अपनी मांगों को लेकर भटक रहे हैं। सरकार की जिम्मेदारी है कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराए और कर्मचारियों को समय पर वेतन तथा पेंशन मिले।

 

 

मथुरा की राजनीति और भाजपा के राधे-राधे नारे पर तंज

मथुरा की राजनीति और भाजपा के ‘राधे-राधे’ नारे को लेकर डिंपल यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा का कमल मुरझा रहा है, इसलिए अब फूल खिलाने के लिए राधा मां का नाम लिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म के नाम पर वोट मांगती है और धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक इस्तेमाल करती है। उनके मुताबिक, जनता और युवा अब धर्म के नाम पर होने वाली राजनीति को समझने लगे हैं।

राम मंदिर के चंदे और अयोध्या में जमीन खरीद को लेकर लगाए आरोप

डिंपल यादव ने अयोध्या में जमीनों की खरीद-फरोख्त और राम मंदिर के चंदे को लेकर कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रमाण होने के बावजूद संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी संदर्भ में उन्होंने सवाल उठाया कि भगवान श्रीराम के नाम पर चंदे में लूट करने वाले अब वृंदावन और मथुरा जाकर भगवान श्रीकृष्ण के नाम पर चंदा जुटाने की तैयारी कर रहे हैं क्या? उन्होंने कहा कि भाजपा धार्मिक भावनाओं के सहारे राजनीति कर रही है, लेकिन अब जनता और युवा जागरूक हो रहे हैं।

शादी समारोह में शामिल होने पहुंचीं थीं सपा सांसद

गौरतलब है कि डिंपल यादव अपनी बेटी अदिति के साथ बरनाहल में सपा नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सिंह यादव के आवास पर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंची थीं। इस दौरान राजनीतिक मुद्दों पर उनकी प्रतिक्रिया ने कार्यक्रम को राजनीतिक चर्चा का केंद्र बना दिया।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...