गौतमबुद्धनगर। मिशन शक्ति विशेष अभियान 5.0 के तहत 17 अक्टूबर को जिले की तीनों तहसीलों में स्पेशल पिंक समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के साथ उनके अधिकारों, सुरक्षा और सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।
मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि समाधान दिवस में विशेष पिंक हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। इसके माध्यम से महिलाएं अपनी शिकायतें संबंधित अधिकारियों के सामने रख सकेंगी। अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए जाएंगे।

कार्यक्रम में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा, जहां महिलाएं अपनी स्वास्थ्य संबंधी जांच करा सकेंगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने जिले की महिलाओं से अपील की है कि वे 17 अक्टूबर को अपनी संबंधित तहसील में पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखें और स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ उठाएं। इस आयोजन के जरिए महिलाओं को शिकायतों के समाधान और सरकारी सुविधाओं तक पहुंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।