मैनपुरी: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने उत्तर प्रदेश की वर्तमान सरकार पर चौतरफा हमला बोला है। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बिजली की दरों में बढ़ोतरी, कानून-व्यवस्था, और NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में हो रही धांधली को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह से विफल साबित हुई है और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए जनता का ध्यान भटकाने वाले मुद्दे सामने ला रही है।
बिजली संकट और महंगाई पर सरकार को घेरा
बिजली कॉर्पोरेशन द्वारा फ्यूल चार्ज में 10% की बढ़ोतरी के सवाल पर डिंपल यादव ने कहा, “यह सीधे तौर पर जनता की जेब पर डाका है। एक तरफ पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश की बिजली व्यवस्था को जिस तरह से संभाला जाना चाहिए था, वैसे नहीं संभाला गया। उन्होंने आगे कहा कि पिछले 8-9 वर्षों में उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में उत्पादन बढ़ाने के लिए एक भी नया बिजली कारखाना या पावर प्लांट नहीं लगाया। आज राज्य की मांग को पूरा करने के लिए दूसरे राज्यों से महंगी बिजली खरीदी जा रही है और इस कुप्रबंधन का पूरा वित्तीय बोझ अब आम जनता के कंधों पर डाल दिया गया है।
वंदे मातरम और तुष्टिकरण के मुद्दों पर दिया जवाब
केरल विधानसभा और देश के अन्य हिस्सों में वंदे मातरम को लेकर खड़े हो रहे विवादों और समाजवादी पार्टी के रुख पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया, “वंदे मातरम जैसे मुद्दे जानबूझकर मुख्य समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए उठाए जाते हैं। पहले लोकसभा में वंदे मातरम की केवल आठ पंक्तियाँ गाई जाती थीं, अब पूरा गाया जाता है। इसमें किसी को कोई आपत्ति नहीं है और न ही किसी ने इस पर रोक-टोक लगाई है। आप जैसे चाहें वैसे चलाएं, लेकिन इसकी आड़ में जनता के मूल मुद्दों को नहीं दबाया जा सकता।”
महिलाओं की सुरक्षा और लचर कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में हत्याएं और महिलाओं के साथ शोषण की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने हाल ही में लखनऊ में सरेआम एक बिजनेसमैन की हत्या का जिक्र किया। महिला सुरक्षा के दावों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, “जब एक महिला पुलिस कांस्टेबल के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस खुद समय पर FIR दर्ज नहीं कर पा रही है, तो आम महिलाओं की सुनवाई पीड़ित महिलाओं को इंसाफ देने के बजाय यह सरकार और प्रशासन उन्हें दबाने की कोशिश कर रहे हैं।
NEET और CBSE परीक्षा विवाद पर जताई चिंता
देश और प्रदेश के युवाओं के भविष्य का मुद्दा उठाते हुए डिंपल यादव ने NEET परीक्षा के पेपर लीक और CBSE बोर्ड परीक्षाओं की चेकिंग व्यवस्था में किए जा रहे बदलावों पर गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “NEET परीक्षा के पेपर लीक हो जाना और नई-नई नीतियां लागू करके उन्हें सही ढंग से न चला पाना बेहद गंभीर है। इस कुप्रबंधन के कारण लगभग 22 लाख NEET के अभ्यर्थियों और लाखों CBSE छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। सरकार और उसके मंत्रियों को जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए, लेकिन वे अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहे हैं। यह सरकार पूरी तरह से गैर-जिम्मेदार है।
विपक्षी बयानों पर पलटवार
ओम प्रकाश राजभर (OP Rajbhar) द्वारा अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर लगाए जा रहे आरोपों और बयानों के संबंध में पूछे जाने पर डिंपल यादव ने मुस्कुराते हुए संक्षिप्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “वे चाहते हैं कि उन्हें (राजभर को) अपनी मनचाही राजनीतिक सीटें मिल जाएं, बस इसीलिए वे इस तरह के अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।