1. हिन्दी समाचार
  2. Religious
  3. हरियाली तीज पर मथुरा में 50 लाख श्रद्धालुओं की संभावना, 4 सुपर जोन और 18 सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था

हरियाली तीज पर मथुरा में 50 लाख श्रद्धालुओं की संभावना, 4 सुपर जोन और 18 सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था

हरियाली तीज 2026 को लेकर मथुरा-वृंदावन में प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। करीब 50 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना के बीच सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात, पार्किंग और सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
हरियाली तीज पर मथुरा में 50 लाख श्रद्धालुओं की संभावना, 4 सुपर जोन और 18 सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था

मथुरा। हरियाली तीज पर्व को लेकर मथुरा-वृंदावन में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 15 अगस्त 2026 को होने वाले पर्व के मद्देनजर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम, चारधाम, वृंदावन में अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई। बैठक में बताया गया कि हरियाली तीज के अवसर पर मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल और गोवर्धन समेत ब्रज के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर करीब 50 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को देखते हुए पूरे क्षेत्र को 4 सुपर जोन और 18 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी ड्यूटी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सुबह 6 बजे अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारी संभालें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सरल, सुगम और सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी को देखते हुए श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन का समय भी बढ़ाया गया है।

सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर विशेष जोर

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य कैंप, एंबुलेंस और अस्पतालों में आरक्षित बेड की व्यवस्था रहेगी। डॉक्टरों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन ने श्रद्धालुओं से ब्रज को प्लास्टिक मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील की है। नगर निगम को विशेष साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

यातायात और पार्किंग की रहेगी विशेष व्यवस्था

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। एसपी यातायात को डायवर्जन प्लान का व्यापक प्रचार-प्रसार, पार्किंग, बैरियर और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन ने सभी प्रमुख पॉइंट्स पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने को कहा है।

मिलावटी खाद्य सामग्री पर होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को नियमित रूप से खाद्य पदार्थों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। दूषित या मिलावटी खाद्य सामग्री मिलने पर उसे नष्ट कराने के साथ संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।वहीं, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण को प्रकाश व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए गए हैं। लोक निर्माण विभाग को प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त रखने के लिए कहा गया है।

CCTV और कंट्रोल रूम से निगरानी

श्रद्धालुओं, पर्यटकों, दर्शनार्थियों और परिक्रमार्थियों की सुरक्षा के लिए विभिन्न स्थानों पर CCTV कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम से पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी।दिव्यांगजनों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गोल्फ कार्ट की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। साथ ही शरारती तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से हरियाली तीज के दौरान अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने को कहा है, ताकि ब्रज आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम धार्मिक अनुभव मिल सके।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...