1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बशारतपुर में कल्याण मंडपम तैयार, 29 अगस्त को सीएम योगी करेंगे लोकार्पण

बशारतपुर में कल्याण मंडपम तैयार, 29 अगस्त को सीएम योगी करेंगे लोकार्पण

गोरखपुर के बशारतपुर में 3.10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार दो मंजिला कल्याण मंडपम का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 अगस्त को लोकार्पण करेंगे। परिसर में बड़ा हॉल, छह कमरे, किचन, पार्किंग, लॉन समेत कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसका उद्देश्य अल्प और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को किफायती दर पर आयोजन स्थल उपलब्ध कराना है।

By: Nivedita  RNI News Network
Updated:
बशारतपुर में कल्याण मंडपम तैयार, 29 अगस्त को सीएम योगी करेंगे लोकार्पण

गोरखपुर। शहर के बशारतपुर में लोगों को मांगलिक और सामाजिक आयोजनों के लिए किफायती सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया गया कल्याण मंडपम अब तैयार हो चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 अगस्त को दोपहर बाद इसका लोकार्पण करेंगे। करीब 3.10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ आकर्षक वास्तुकला का भी ध्यान रखा गया है।

दो मंजिला भवन में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के मुताबिक, वार्ड नंबर 80 के राप्तीनगर क्षेत्र में 2,593 वर्गमीटर भूमि पर कल्याण मंडपम का निर्माण कराया गया है। दो मंजिला इस भवन के भूतल पर करीब 225 लोगों की क्षमता वाला बड़ा हॉल बनाया गया है। इसके अलावा यहां किचन, स्टोर, कार्यालय, चेंजिंग रूम और महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की सुविधा उपलब्ध है।

पहली मंजिल पर छह कमरे और हॉल

कल्याण मंडपम की पहली मंजिल पर एक हॉल के साथ अटैच्ड टॉयलेट और ड्रेसिंग रूम समेत छह कमरों की व्यवस्था की गई है। इससे विवाह समारोह और अन्य पारिवारिक आयोजनों में आने वाले लोगों को ठहरने और आयोजन संबंधी सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी।

फव्वारे से लेकर पार्किंग तक की सुविधा

परिसर को आकर्षक बनाने के लिए मुख्य भवन के सामने फव्वारा बनाया गया है। आगंतुकों के वाहनों के लिए परिसर में इंटरलॉकिंग टाइल्स से पर्याप्त पार्किंग क्षेत्र भी तैयार किया गया है। इसके साथ ही परिसर में लॉन विकसित करने के साथ फूल-पौधे लगाए गए हैं, जिससे कल्याण मंडपम का वातावरण और बेहतर बनाया गया है।

कम आय वाले परिवारों को मिलेगा फायदा

कल्याण मंडपम का मुख्य उद्देश्य अल्प और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए मैरिज हाउस का किफायती विकल्प उपलब्ध कराना है। यहां शादी, तिलक, मुंडन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक समारोह आयोजित किए जा सकेंगे।

गोरखपुर में छह कल्याण मंडपम पहले से संचालित

बशारतपुर से पहले गोरखपुर महानगर में छह कल्याण मंडपम का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर चुके हैं। इनमें खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र का टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम और जंगल बेनी माधव के कल्याण मंडपम शामिल हैं। बशारतपुर में नए कल्याण मंडपम के शुरू होने से स्थानीय लोगों को सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए सुविधाजनक एवं अपेक्षाकृत किफायती स्थान उपलब्ध होने की उम्मीद है।

 

रिपोर्ट – अंकित श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...