1. हिन्दी समाचार
  2. अन्य खबरें
  3. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने की बरेली विश्वविद्यालय समीक्षा बैठक, शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने की बरेली विश्वविद्यालय समीक्षा बैठक, शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में जन भवन, लखनऊ में महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली से संबद्ध महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध, कौशल विकास और नैक मूल्यांकन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने की बरेली विश्वविद्यालय समीक्षा बैठक, शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश

लखनऊ स्थित जन भवन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली से संबद्ध शासकीय, संघटक एवं वित्तपोषित महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों के शैक्षणिक प्रदर्शन, उपलब्धियों और कमियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।

बैठक में राज्यपाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी महाविद्यालय अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें और पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल डिग्री तक सीमित न रखकर उन्हें कौशल आधारित और रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ा जाए, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

राज्यपाल ने महाविद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विद्यार्थियों को “खेलो इंडिया” योजना से जोड़ने पर भी जोर दिया। साथ ही संघटक एवं वित्तपोषित महाविद्यालयों के बीच मौजूद असमानताओं का अध्ययन कर समान अवसर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि सभी विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय अपनी कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजें ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। जिन संस्थानों में छात्रावास रिक्त हैं, वहां स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से कौशल विकास कार्यक्रम चलाने के निर्देश भी दिए गए।

राज्यपाल ने शोध कार्यों को बढ़ावा देने के लिए शिक्षकों को उच्च प्रभाव वाली पत्रिकाओं में प्रतिवर्ष न्यूनतम दो शोध पत्र प्रकाशित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही INFLIBNET और “वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन” योजना से जुड़ने पर भी बल दिया गया ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सके।

उन्होंने NAAC मूल्यांकन की तैयारी को लेकर “नैक मंथन” कार्यक्रम आयोजित करने और सभी संस्थानों को उच्च श्रेणी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शिक्षकों की समय पर उपस्थिति और गुणवत्ता आधारित शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।इसके अलावा राज्यपाल ने बाल विवाह, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने, “मां-बेटी सम्मेलन” आयोजित करने और छात्राओं के स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए विशेष प्रयास करने पर भी जोर दिया।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...