1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मुख्यमंत्री चेहरे पर योगी का बड़ा बयान, कहा- कौन क्या है सबको पता

मुख्यमंत्री चेहरे पर योगी का बड़ा बयान, कहा- कौन क्या है सबको पता

Uttar Pradesh News: यूपी चुनाव 2027 से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने CM चेहरे पर प्रतिक्रिया दी। केशव मौर्य के कमल वाले बयान और अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
मुख्यमंत्री चेहरे पर योगी का बड़ा बयान, कहा- कौन क्या है सबको पता

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Elections 2027) को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां शुरू हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान के बाद जब योगी आदित्यनाथ से पूछा गया कि अगर प्रदेश में दोबारा बीजेपी की सरकार बनती है तो मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इस पर उन्होंने कहा कि सभी को कमल के निशान पर चुनाव लड़ना है। कमल का फूल ही उनके लिए सब कुछ है। कौन क्या है और कौन क्या नहीं, यह सभी जानते हैं।

किस सीट से चुनाव लड़ेंगे योगी आदित्यनाथ?

दरसअल, इंटरव्यू में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूछा गया कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव किस सीट से लड़ेंगे। इस पर उन्होंने कहा कि वह पहले गोरखपुर से चुनाव लड़ते रहे हैं। आगे भी पार्टी जो फैसला करेगी, उसी के अनुसार चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने साफ किया कि चुनाव लड़ने के लिए सीट का अंतिम निर्णय पार्टी करेगी।

NDA में किसी तरह का विवाद नहीं: योगी

एनडीए के सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे और आपसी मतभेद की चर्चाओं पर भी योगी आदित्यनाथ ने प्रतिक्रिया दी। जिसमें उन्होंने कहा कि गठबंधन में किसी तरह का विवाद नहीं है। यह समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लिए संदेश है कि राजनीति में मुकाबला आमने-सामने बैठकर होता है। एनडीए के सभी सहयोगी एक साथ हैं।

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग दो नावों पर सवार होने की कोशिश करते हैं, वे आखिरकार डूब जाते हैं। योगी ने 1990 के दशक में राम भक्तों पर हुई गोलीबारी का मुद्दा उठाते हुए समाजवादी पार्टी से माफी मांगने की बात कही। उन्होंने कहा कि सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है।

केशव मौर्य ने क्या कहा था?

बता दें इससे पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि बीजेपी 2027 का विधानसभा चुनाव कमल के निशान पर लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनेगी। उन्होंने सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर भी तंज कसा।

केशव मौर्य ने कहा कि जनता सपा सरकार की कथित गुंडागर्दी की वापसी नहीं चाहती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने पिछले दस वर्षों में प्रदेश में विकास के कई काम किए हैं। अब 2027 के चुनाव से पहले बीजेपी के भीतर मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर दिए जा रहे बयानों ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है।

ये भी पढ़ें: सपा की पहली लिस्ट हुई जारी, पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...