Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों (Upcoming Assembly Elections in Uttar Pradesh) को देखते हुए मतदाता सूची (Voter List) को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (SSR-2027) चलाया जा रहा है। इस क्रम में अमेठी के जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने 25 नवंबर 2026 यानि आज बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बता दें बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर संचालित मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी और व्यापक बनाने पर चर्चा हुई।
जानकारी के लिए बता दें DM ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी का कहना है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इस दौरान नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और अपात्र नामों को हटाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से आगामी 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों संबंधित अधिकारी और बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदाताओं की सहायता के लिए विशेष रूप से सक्रिय रहेंगे।
DM शशांक चौधरी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) की तैनाती सुनिश्चित करें। साथ ही BLO के साथ बेहतर समन्वय बनाकर मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी पात्र युवा और महिला मतदाता, जिनकी उम्र निर्धारित अर्हता के अनुसार मतदाता बनने की है और जिनका नाम अभी तक सूची में शामिल नहीं हुआ है, उनका फॉर्म-6 भरवाया जाए। वहीं, मृतक, डुप्लीकेट और दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने के लिए फॉर्म-7 की प्रक्रिया भी पूरी कराई जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण केवल निर्वाचन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें राजनीतिक दलों और आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। सभी के सहयोग से यह सुनिश्चित किया जा सकता है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की। प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
ये भी पढ़ें: आगरा में सड़क पर बनी मजार हटाने की मांग, अधिकारियों को दिया नोटिस