Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में ग्रामीण और वंचित परिवारों के बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। बता दें आज बुधवार, 25 नवंबर 2026 को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जन भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 144 ओप्पो स्मार्ट क्लासेस का उद्घाटन किया। उम्मीद संस्था के सहयोग से ओप्पो इंडिया (Oppo India) द्वारा स्थापित की जा रही इन स्मार्ट क्लासेस (Smart Classes) के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, इससे बच्चे कई विषयों को आसान, रोचक और प्रभावी तरीके से समझ सकेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल ने बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए और समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम के दौरान स्मार्ट क्लास से लाभान्वित होने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। जिसमें शिक्षकों ने बताया कि स्मार्ट क्लास शुरू होने के बाद बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़ी है। विद्यालयों में उनकी उपस्थिति भी बेहतर हुई है। ऐसे में अब बच्चे नियमित रूप से स्कूल पहुंच रहे हैं और विषयों को समझने के लिए सवाल भी पूछते हैं।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों और अभिभावकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही, उन्होंने आदेश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों से निकलने वाले बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराया जाए। साथ ही कक्षा पांच पास करने वाले प्रत्येक बच्चे का कक्षा छह में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।
राज्यपाल का कहना है कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना पर्याप्त नहीं है। उनमें अनुशासन, अच्छे संस्कार, रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान भी विकसित करना जरूरी है। विद्यालयों में कहानी, कविता पाठ और अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जानी चाहिए। बच्चों को समाचार पत्र पढ़ने और अपने अनुभव लिखने के लिए भी प्रेरित किया जाए। उन्होंने अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि ग्रामीण परिवेश में अनेक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने मेहनत और अनुशासन से शिक्षा पूरी की। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को पर्याप्त समय देने और उनके साथ मित्रवत व्यवहार करने की अपील की।
कार्यक्रम में ओप्पो इंडिया के निदेशक राकेश कुमार ने बताया कि कंपनी उत्तर प्रदेश में 1000 से अधिक स्मार्ट क्लासेस स्थापित करने की दिशा में काम करेगी। इसके अलावा प्रदेश में 25 अटल टिंकरिंग लैब भी स्थापित की गई हैं।
राज्यपाल ने बच्चों को नशे और गलत गतिविधियों से दूर रखने के लिए परिवार, विद्यालय और समाज से मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण किसी भी बच्चे की शिक्षा अधूरी नहीं रहनी चाहिए।
ये भी पढ़ें: यूपी में निवेश को मिली नई रफ्तार, मेरठ में लगेगा नया प्लांट