केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच किसानों के हित और ग्रामीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान राज्य सरकार के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए चना, मसूर और सरसों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद अवधि को 15 दिन बढ़ा दिया है। अब किसान 24 जून से 8 जुलाई तक अपनी उपज एमएसपी पर बेच सकेंगे, जिससे अधिक किसानों को लाभ मिलने की संभावना है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने किसानों और गरीब परिवारों से संबंधित स्वीकृति पत्र भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपे। यह कदम लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ग्रामीण आवास योजना के तहत भी उत्तर प्रदेश को बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत राज्य के लिए 6 लाख 18 हजार 482 नए आवासों को मंजूरी दी गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में हजारों परिवारों के पक्के घर का सपना पूरा होने की उम्मीद है।
इस बैठक को किसानों के हित और ग्रामीण विकास को गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के साथ-साथ गरीब परिवारों को आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।