Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Elections 2027) से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर खींचतान बढ़ती नजर आ रही है। जिसमें दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की नाराजगी के बाद अब समाजवादी पार्टी के नेता मनीष जगन अग्रवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन और उसके चुनाव चिह्न पर सवाल उठाए हैं। इस बयान के बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है।
समाजवादी पार्टी के गोवा प्रभारी और व्यापार सभा के अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल ने फेसबुक पोस्ट में इमरान मसूद पर निशाना साधा। जिसके बाद उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि सुबह होते ही मीडिया बुलाकर बयानबाजी शुरू कर दी जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस का कोई नेता इमरान मसूद को उनके बयान देने के तरीके पर क्यों नहीं टोकता।
मनीष अग्रवाल ने कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन पर भी टिप्पणी की। जिसमें उन्होंने दावा किया कि जनता कांग्रेस के चुनाव चिह्न हाथ के पंजे पर वोट देना नहीं चाहती। उनके मुताबिक, कांग्रेस उन सीटों की मांग कर रही है, जहां समाजवादी पार्टी को लाखों वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं को प्राथमिकता देने का आरोप भी लगाया।
इस विवाद पर सपा नेता उदयवीर सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी। जिसमें उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर बातचीत दोनों पार्टियों का शीर्ष नेतृत्व कर रहा है। इसलिए नेताओं को सार्वजनिक बयानबाजी से बचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सपा ने जिन पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं, वे पार्टी की मौजूदा सीटें हैं। इन सीटों पर 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने जीत हासिल की थी। ऐसे में कांग्रेस को इन सीटों पर विवाद नहीं करना चाहिए।
दरअसल, सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत के दौरान कांग्रेस ने सपा को करीब 130 सीटों की सूची सौंपी थी। वहीं, सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की चर्चा है। इसी बीच सपा ने पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए।
इनमें सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर विधानसभा सीट भी शामिल हैं। इन दोनों सीटों पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद अपनी पार्टी की दावेदारी जता रहे थे। इसी वजह से उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि कांग्रेस सपा से भीख नहीं मांग रही है। वहीं, राजेंद्र पाल गौतम ने दोनों दलों के नेताओं से मतभेद भुलाकर एकजुट रहने की अपील की है। अब देखना होगा कि 2027 के चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे का विवाद कैसे सुलझता है।
ये भी पढ़ें: सपा की पहली लिस्ट हुई जारी, पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित