आजमगढ़ के सिधारी में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी। जिले में हुई तेज बारिश से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं कई स्थानों पर जलभराव की समस्या भी सामने आई। सिधारी स्थित कृषि भवन परिसर में बारिश का पानी भर जाने से पूरा क्षेत्र तालाब जैसा नजर आया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृषि भवन आजमगढ़ मंडल, सिधारी कार्यालय परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण भारी मात्रा में वर्षा का पानी जमा हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिसर में या तो नालियां नहीं हैं, और यदि हैं भी तो वे पूरी तरह जाम हो चुकी हैं। इसके चलते बारिश का पानी निकल नहीं पा रहा है और पूरे परिसर में जलभराव की स्थिति बन गई है।

वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कृषि भवन परिसर में कई स्थानों पर पानी भरा हुआ है। परिसर में खड़ी दोपहिया और चारपहिया गाड़ियों के पहिए तक पानी में डूबे दिखाई दे रहे हैं। जलभराव के कारण कर्मचारियों और आम लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि इसी परिसर में उप कृषि निदेशक आजमगढ़, आशीष कुमार का कार्यालय भी स्थित है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब कृषि विभाग के प्रमुख कार्यालय का यह हाल है, तो अन्य सरकारी परिसरों की स्थिति कैसी होगी।
अब देखने वाली बात यह होगी कि संबंधित विभाग और प्रशासन इस समस्या का संज्ञान कब लेते हैं तथा जाम नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था कब तक सुनिश्चित की जाती है। फिलहाल बारिश से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन कृषि भवन परिसर में जलभराव ने विभागीय व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है।