गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री एवं गौतमबुद्धनगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून व्यवस्था, राजस्व कार्यों और मुख्यमंत्री की विकास प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को सभी विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं से किसानों की सुविधाओं तक दिए निर्देश
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान भारत योजना, गोल्डन कार्ड निर्माण, नियमित टीकाकरण और एम्बुलेंस सेवाओं की जानकारी ली गई। मंत्री ने पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाने और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।कृषि एवं सहकारिता विभाग को किसानों की जरूरत के अनुसार पर्याप्त उर्वरक और गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने और किसानों को सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

सड़क, बिजली, पानी और रोजगार पर जोर
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क निर्माण, मरम्मत और चौड़ीकरण के कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं, जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। उद्योग विभाग की समीक्षा में निवेश संबंधी एमओयू को धरातल पर उतारने और लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने पर जोर दिया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विकास करने और प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया।

पशुपालन विभाग को गौशालाओं के बेहतर संचालन और निराश्रित गोवंश के संरक्षण के निर्देश दिए गए। वन विभाग को वृक्षारोपण एवं पौध संरक्षण कार्यक्रमों को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया गया।बैठक में महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और जनपद में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने को लेकर पुलिस अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकास और सुशासन के लिए सुरक्षित वातावरण बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक तेजपाल नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह, जिला पंचायत प्रशासक अमित चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।