आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में गुरुवार सुबह घने कोहरे और कम दृश्यता के चलते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के फखरुद्दीनपुर गांव के पास 252 स्टोन पर तेज रफ्तार निजी स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। इसके बाद पीछे से आ रहे कई अन्य वाहन भी एक-दूसरे से टकराते चले गए। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। दुर्घटना में दो बस और पांच ट्रक क्षतिग्रस्त हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 8 बजे लखनऊ की ओर से आ रही निजी स्लीपर बस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सफर कर रही थी। सुबह धुंध के कारण सड़क पर दृश्यता काफी कम थी। इसी दौरान बस चालक आगे चल रहे ट्रेलर को समय रहते नहीं देख पाया और बस पीछे से ट्रेलर में जा टकराई। पहली टक्कर के बाद पीछे से आ रहे अन्य वाहन भी संभल नहीं पाए और एक के बाद एक आपस में भिड़ते चले गए। देखते ही देखते कई वाहन इस दुर्घटना की चपेट में आ गए।

इस भीषण सड़क हादसे में दो बस और पांच ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाकों में भी इसकी सूचना फैल गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त निजी स्लीपर बस दिल्ली से गाजीपुर जा रही थी। हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
हादसे की सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना प्रभारी समेत कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कराते हुए घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाने का काम भी शुरू किया गया, ताकि यातायात को दोबारा सामान्य किया जा सके। हादसे के कारण कुछ समय तक पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आवागमन प्रभावित रहा।
घटना में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी और सीओ सिटी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के उपचार और राहत कार्यों का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान कराने में जुटी है। कम दृश्यता के बीच तेज रफ्तार और वाहनों के बीच टक्कर इस बड़े हादसे की वजह बनी।