1. हिन्दी समाचार
  2. अन्य खबरें
  3. मथुरा-वृंदावन में ‘गंदगी छोड़ो आंदोलन’ का आह्वान, 50 सफाई मित्र सम्मानित

मथुरा-वृंदावन में ‘गंदगी छोड़ो आंदोलन’ का आह्वान, 50 सफाई मित्र सम्मानित

मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर ‘गंदगी छोड़ो आंदोलन’ का आह्वान किया। वार्ड संख्या 49 के डैंपियर नगर स्थित भगत सिंह पार्क में आयोजित कार्यक्रम में वार्ड 49 और 35 के 50 सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
मथुरा-वृंदावन में ‘गंदगी छोड़ो आंदोलन’ का आह्वान, 50 सफाई मित्र सम्मानित

मथुरा-वृन्दावन में भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करते हुए नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा ‘गंदगी छोड़ो आंदोलन’ का आह्वान किया गया। इस अवसर पर स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ मथुरा-वृन्दावन के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों के सम्मान में नगर निगम के सभी वार्डों में विशेष सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता के प्रति समर्पित 10 सफाई मित्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।इसी क्रम में वार्ड संख्या 49 डैंपियर नगर स्थित भगत सिंह पार्क में आयोजित कार्यक्रम में नगर आयुक्त महोदय श्री ओजस्वी राज द्वारा वार्ड संख्या 49 एवं वार्ड संख्या 35 के स्वच्छता कार्यों में उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाएं प्रदान करने वाले 50 सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सफाई मित्र भाइयों एवं बहनों को साफी, पटका, ग्लव्स, मास्क एवं लड्डू वितरित कर उनके सेवाभाव एवं योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त महोदय ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जिस प्रकार स्वतंत्रता संग्राम में देशवासियों ने एकजुट होकर ‘भारत छोड़ो’ का संकल्प लिया था, उसी भावना के साथ आज हमें अपने शहर से गंदगी छोड़ने और स्वच्छता अपनाने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण करें तथा स्वच्छता व्यवस्था में नगर निगम का सहयोग करते हुए ‘गंदगी छोड़ो आंदोलन’ को जन-आंदोलन बनाएं।नगर आयुक्त महोदय ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने में सफाई मित्र सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। प्रतिदिन विषम परिस्थितियों में पूरी निष्ठा एवं सेवाभाव के साथ कार्य करते हुए वे शहर को स्वच्छ रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनके परिश्रम और समर्पण को सम्मानित करना न केवल उनका मनोबल बढ़ाता है, बल्कि स्वच्छता के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश भी देता है।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त  सौरभ सिंह , वार्ड संख्या 49 के पार्षद मनोज कुमार  सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, सफाई मित्र एवं अन्य संबंधित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ सफाई मित्रों के सम्मान, प्रोत्साहन एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ मथुरा-वृन्दावन के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...