लखनऊ: स्वच्छता के मामले में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने एक बार फिर देशभर में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की राष्ट्रीय रैंकिंग में लखनऊ नगर निगम ने तीसरा स्थान हासिल किया है। बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लखनऊ को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।
स्वच्छ सर्वेक्षण में शानदार प्रदर्शन के लिए आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लखनऊ की उपलब्धि की घोषणा की और सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने लखनऊ नगर निगम की ओर से सम्मान ग्रहण किया।

लखनऊ ने स्वच्छता के क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों के दौरान उल्लेखनीय सुधार किया है। पिछले सर्वेक्षण में शहर ने 44वें स्थान से लंबी छलांग लगाते हुए देश में तीसरा स्थान हासिल किया था। इस बार भी नगर निगम ने अपना प्रदर्शन बरकरार रखा और लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

नगर निगम के अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद राव के अनुसार, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की रैंकिंग में विशाखापट्टनम ने पहला स्थान हासिल किया है, जबकि जबलपुर दूसरे पायदान पर रहा। लखनऊ ने तीसरा स्थान प्राप्त कर देश के स्वच्छ शहरों में अपनी जगह मजबूत की है।
केंद्र सरकार की ओर से हर साल स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इसका उद्देश्य देशभर के शहरों में साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। लखनऊ नगर निगम की लगातार दूसरी बड़ी उपलब्धि को शहर की स्वच्छता व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस सफलता से नगर निगम के सफाई अभियान और स्वच्छ शहर बनाने के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।