1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लाल किताब पर योगी का बड़ा हमला, विपक्ष को बताया भ्रम फैलाने वाला

लाल किताब पर योगी का बड़ा हमला, विपक्ष को बताया भ्रम फैलाने वाला

संविधान गौरव दिवस पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधा। बता दें लाल किताब से भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और 3,955 स्मारक स्थलों के सौंदर्यीकरण की शुरुआत की।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
लाल किताब पर योगी का बड़ा हमला, विपक्ष को बताया भ्रम फैलाने वाला

Uttar Pradesh News: संविधान गौरव दिवस के खास अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए लाल किताब को लेकर बड़ा बयान दिया। जिसमें उन्होंने कहा कि कुछ लोग लाल किताब लेकर संविधान के नाम पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। साथ ही, मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिकों में निहित है। संविधान पूरे देश के 145 करोड़ लोगों का गौरव और मार्गदर्शक है।

जानकारी के लिए बता दें आज गुरुवार को लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। देश का हर नागरिक संविधान और लोकतंत्र का वास्तविक संरक्षक है। किसी व्यक्ति या परिवार को यह दावा करने का अधिकार नहीं है कि देश का अस्तित्व उसके कारण है।

लाल किताब को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ लोग लाल पुस्तिका लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। जब उन्हें सत्ता में रहने का अवसर मिला, तब उन्होंने संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद पहला संविधान संशोधन प्रेस की स्वतंत्रता को प्रभावित करने के मुख्या उद्देश्य से किया गया था। समय-समय पर अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए संविधान में बदलाव किए गए। योगी ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाकर देश को गुमराह करने की कोशिश की जाती है। ऐसे प्रयासों से जनता को जागरूक रहना चाहिए।

कांग्रेस पर बाबा साहेब आंबेडकर की उपेक्षा का आरोप

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। जिसमें उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें भारत रत्न देने और संसद तक पहुंचने के रास्ते में बाधाएं पैदा कीं। वहीं, सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटाया था। प्रदेश सरकार ने दोबारा उनके नाम को सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में पद संभालने के बाद संसद और संविधान की प्रति को प्रणाम किया था। संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, माता सीता, भगवान श्रीकृष्ण, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक के चित्र भारतीय संस्कृति को दर्शाते हैं।

3,955 स्मारक स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 स्थलों पर सौंदर्यीकरण और साफ-सफाई कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 4,030 स्थल चिह्नित किए गए हैं।

योगी ने कहा कि कानून का राज ही विकास की गारंटी है। 2017 से पहले प्रदेश में अपराध, माफिया, भ्रष्टाचार और पलायन जैसी समस्याएं थीं। वर्तमान सरकार संविधान की भावना के अनुरूप अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्री और अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें: बाराबंकी में विकास प्राधिकरण की तैयारी शुरू, 402 पंचायतें होंगी शामिल

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...