Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Upcoming Assembly Elections) को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां शुरू होने लगी हैं। दरसअल, इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान के बीच अब अलग-अलग जिलों के जातीय और सामाजिक समीकरणों पर भी चर्चा शुरू हो गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में सैनी समाज के मतदाताओं को लेकर राजनीतिक दलों की नजरें टिक गई हैं। ऐसे में जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर सैनी मतदाताओं की मौजूदगी है। अनुमान के मुताबिक, इन सीटों पर करीब 2.30 लाख सैनी मतदाता हैं, जो चुनावी मुकाबले में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
मुरादाबाद जिले में कांठ, ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद ग्रामीण, मुरादाबाद नगर, कुंदरकी और बिलारी विधानसभा सीटें शामिल हैं। राजनीतिक अनुमानों के अनुसार, मुरादाबाद नगर सीट पर करीब 55 हजार सैनी मतदाता हैं। वहीं ठाकुरद्वारा में लगभग 40 हजार, बिलारी में 40 हजार और कांठ में भी करीब 40 हजार सैनी मतदाता बताए जाते हैं।
मुरादाबाद ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में इनकी संख्या करीब 30 हजार और कुंदरकी में लगभग 25 हजार आंकी गई है। हालांकि, ये आंकड़े अनुमान पर आधारित हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से जातिवार मतदाता सूची जारी नहीं की गई है।
मुरादाबाद जिले की छह विधानसभा सीटों पर वर्ष 2022 के चुनाव में समाजवादी पार्टी Samajwadi Party (SP) ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को मुरादाबाद नगर सीट मिली थी। इसके बाद वर्ष 2024 में कुंदरकी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने जीत हासिल की। इससे जिले का राजनीतिक समीकरण बदल गया। मौजूदा समय में जिले की चार सीटों पर सपा और दो सीटों पर भाजपा के विधायक हैं।
मुरादाबाद नगर विधानसभा सीट पर करीब 55 हजार सैनी मतदाता बताए जा रहे हैं। यहां भाजपा के रितेश गुप्ता विधायक हैं। वर्ष 2022 के चुनाव में इस सीट पर मुकाबला बेहद करीबी रहा था और जीत का अंतर करीब 700 वोटों का था। अब ऐसे में सैनी मतदाताओं का समर्थन चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है। मुरादाबाद ग्रामीण में सपा के हाजी नासिर कुरैशी, ठाकुरद्वारा में नवाब जान, बिलारी में फहीम इरफान और कांठ में कमाल अख्तर विधायक हैं। वहीं कुंदरकी से भाजपा के रामवीर सिंह विधायक हैं।
इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) में सीटों को लेकर जारी चर्चाओं के बीच मुरादाबाद का सामाजिक समीकरण भी महत्वपूर्ण हो गया है। सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में सैनी समाज की मौजूदगी राजनीतिक दलों के लिए अहम मानी जा रही है। ऐसे में आगामी चुनाव में सैनी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए दलों की रणनीति क्या होगी, इस पर सबकी नजर रहेगी।
ये भी पढ़ें: बाराबंकी में विकास प्राधिकरण की तैयारी शुरू, 402 पंचायतें होंगी शामिल