1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अखिलेश का बीजेपी पर तंज, कहा- हमारा सेठ लिया तो धन्नासेठ लाए

अखिलेश का बीजेपी पर तंज, कहा- हमारा सेठ लिया तो धन्नासेठ लाए

Uttar Pradesh News: अखिलेश यादव ने धनराज नाथवानी के मुद्दे पर बीजेपी पर तंज कसा। चीन से आयात, परिवारवाद, राम मंदिर और यूपी चुनाव को लेकर भी बयान दिया।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
अखिलेश का बीजेपी पर तंज, कहा- हमारा सेठ लिया तो धन्नासेठ लाए

Uttar Pradesh News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनाव में कारोबारी धनराज नाथवानी को प्रत्याशी बनाए जाने के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसा है। दरसअल, एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में अखिलेश यादव ने कहा कि जब भाजपा ने उनका सेठ ले लिया तो उन्हें धन्नासेठ लाना पड़ा। साथ ही, उन्होंने कहा कि सपा के पास एक कारोबारी था, जिसे पार्टी ने आगे बढ़ाया, लेकिन बाद में भाजपा ने उसे अपने साथ कर लिया। ऐसे में पार्टी को नया विकल्प तलाशना पड़ा। अखिलेश ने सवाल किया कि इसमें गलत क्या है।

चीन से आयात पर बीजेपी को घेरा

अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए। जिसमें उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार एक तरफ वोकल फॉर लोकल (Vocal for Local) का नारा देती है, लेकिन दूसरी तरफ चीन से आयात जारी है। जिसके बाद उन्होंने आरोप लगाया कि चीन भारत की जमीन पर कब्जा कर रहा है, इसके बावजूद उसके सामान का आयात नहीं रोका जा रहा है।

वहीं, सपा अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि चीन से आने वाले सामान पर रोक लगाकर भारतीय उद्योगों को कम से कम दो साल तक संरक्षण देना चाहिए। इससे देश में उत्पादन बढ़ेगा और स्थानीय कारोबारियों को फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था को दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।

बीजेपी में परिवारवाद का लगाया आरोप

भाजपा पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए अखिलेश ने कहा कि पार्टी खुद को परिवारवाद के खिलाफ बताती है, लेकिन उसके भीतर भी परिवारवाद मौजूद है। उन्होंने इसे भगवा परिवारवाद का नाम दिया। इस दौरान उन्होंने भाजपा के कई नेताओं और उनके पारिवारिक राजनीतिक संबंधों का जिक्र किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लेते हुए उन्होंने महंत अवैद्यनाथ से उनके संबंधों की बात भी उठाई।

राम मंदिर दर्शन को बताया आस्था का विषय

अयोध्या में राम मंदिर दर्शन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि मंदिर जाना व्यक्तिगत आस्था का विषय है। ऐसे में किसी भी सनातनी को किसी के मंदिर जाने पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए। जिसमें उन्होंने कहा कि राम मंदिर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बना है। पहले उन्हें अयोध्या आने का निमंत्रण दिया गया था और अब वह वहां जा रहे हैं। अखिलेश ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में सपा अयोध्या में भाजपा को हराने की रणनीति पर काम करेगी। उन्होंने लोकसभा चुनाव के नतीजों का भी जिक्र किया।

पीडीए प्रहरियों को दिया सतर्क रहने का संदेश

अखिलेश यादव ने सपा कार्यकर्ताओं और पीडीए प्रहरियों से गांवों और मोहल्लों में जाकर मतदाताओं से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने निर्वाचन आयोग की गतिविधियों पर नजर रखने और मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी के सबूत जुटाने को कहा। कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीट से ज्यादा जीत महत्वपूर्ण है। जो सीट जीतने की स्थिति में होगा, उसे मौका मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी मिलकर भाजपा को चुनाव में हराएंगे।

ये भी पढ़ें: आनंदीबेन पटेल से मिले गुजरात के मंत्री, विकास कार्यों पर हुई अहम चर्चा

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...