1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर सीएम योगी का बड़ा हमला, कहा- सपा-कांग्रेस की बी टीम

ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर सीएम योगी का बड़ा हमला, कहा- सपा-कांग्रेस की बी टीम

यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को सपा-कांग्रेस की बी टीम बताया।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर सीएम योगी का बड़ा हमला, कहा- सपा-कांग्रेस की बी टीम

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 (Uttar Pradesh Assembly Election 2027) को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के नए राजनीतिक गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ (Samajik Parivartan Morcha) पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीखा हमला बोला है। जिसमें उन्होंने इस मोर्चे को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस की बी टीम करार दिया। साथ ही ओवैसी पर निशाना साधते हुए हैदराबाद का नाम बदलने को लेकर भी तंज कसा।

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन को बताया सपा-कांग्रेस की बी टीम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बुधवार को लखनऊ में आयोजित एक निजी कार्यक्रम के दौरान विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा। साथ ही, उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के पास अब अपने राजनीतिक विकल्प खत्म हो रहे हैं। इसी वजह से वह अपनी बी टीम को आगे कर रही है।

सीएम योगी ने आरोप लगाया कि सपा अब दो नावों की सवारी कर रही है। उन्होंने कहा कि दो नावों पर सवार होने वाले का डूबना तय है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, सपा ने इसी रणनीति के तहत हैदराबाद के मौलाना और चंद्रशेखर आजाद को एक साथ लाने का प्रयास किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि दलित समाज सपा से दूरी बना रहा है, क्योंकि पार्टी पर दलितों और उनके महापुरुषों का अपमान करने के आरोप लगते रहे हैं।

ओवैसी पर तंज, हैदराबाद का नाम बदलने की कही बात

मुख्यमंत्री योगी ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधा। जिसमें उन्होंने कहा कि वह हैदराबाद के मौलाना को आश्वस्त करना चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश में सरकार बनने पर हैदराबाद भी भाग्य लक्ष्मी पुरम बन जाएगा। ऐसे में उनके इस बयान को विपक्षी गठबंधन पर राजनीतिक कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है।

दरअसल, 12 नवंबर को लखनऊ में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ की घोषणा की थी। इस गठबंधन का उद्देश्य 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता में लौटने से रोकना बताया गया है। दोनों नेताओं ने सपा और कांग्रेस को भी इस मोर्चे के साथ आने का न्योता दिया था। वहीं, अखिलेश यादव ने मोर्चे का स्वागत करते हुए कहा था कि इससे बीजेपी को दो से तीन प्रतिशत वोटों का नुकसान हो सकता है।

यूपी को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने का लक्ष्य

एनडीए में सहयोगी दलों की चुनावी तैयारियों और सीटों को लेकर उठ रहे सवालों पर सीएम योगी ने कहा कि गठबंधन में किसी तरह का भ्रम नहीं है। बीजेपी की चुनाव समिति सभी सहयोगी दलों के साथ मिलकर रणनीति तैयार करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2029-30 तक उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर (Trillion Dollar) की अर्थव्यवस्था बनाना है। जिसमें उन्होंने दावा किया कि प्रदेश अब बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकल चुका है। सरकार 2047 तक विकसित भारत (Developed India) के साथ विकसित उत्तर प्रदेश बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। इसमें युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना प्राथमिकता होगी।

ये भी पढ़ें: Mainpuri News: डिंपल यादव का भाजपा पर हमला, बोलीं- राम का चंदा लूटने वाले अब कृष्ण जी का चंदा लूटेंगे

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...