Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में आज कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर मंडल के चार जिलों के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित (Tablet Distribution) करेंगे। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के गोरखपुर रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आकर किशोर की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा प्रदेश में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। यूपी पुलिस को हाईटेक बनाने के लिए तीन संस्थानों के साथ समझौता भी किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में मंडल के चार जिलों के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करेंगे। इनमें गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर के छात्र शामिल हैं। इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना और पढ़ाई के लिए आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराना है। डीएम दीपक मीणा के मुताबिक, वर्ष 2021-22 में योजना की शुरुआत से अब तक जिले के 1,41,085 विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जा चुके हैं।
गोरखपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो (Road Show) के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से एक नाबालिग किशोर की मौत हो गई थी। मामले में मृतक के पिता की शिकायत पर जेसीबी चालक, आयोजन समिति के सात नामजद सदस्यों समेत 65 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घटना के जिम्मेदार लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
बता दें गोंडा में गुरुवार रात बाइक और अज्ञात वाहन की टक्कर में विवेक मिश्रा की मौत हो गई, जबकि उनके साथी टिंटू गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, चांदा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनावा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। रायबरेली के बछरावां में ओवरब्रिज पर कार और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें कार सवार युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
उत्तर प्रदेश पुलिस को आधुनिक तकनीक से लैस करने के लिए तीन संस्थानों के साथ समझौता किया गया है। आईआईटी कानपुर, डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन और प्रोटियन के सहयोग से पुलिस की साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी क्षमताओं को मजबूत किया जाएगा। इससे साइबर अपराधों की रोकथाम और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: फिरोजाबाद घंटाघर की जमीन पर कब्जा, नगर निगम हुआ सख्त