1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा में निवेश करेगी स्वीडिश कंपनी, 500 युवाओं को मिलेगी नौकरी

ग्रेटर नोएडा में निवेश करेगी स्वीडिश कंपनी, 500 युवाओं को मिलेगी नौकरी

Uttar Pradesh News: स्वीडन की कंपनी केबी कंपोनेंट इंडिया ग्रेटर नोएडा में 150 करोड़ रुपये का निवेश कर सकती है। कंपनी की योजना 500 युवाओं को रोजगार देने की है।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
ग्रेटर नोएडा में निवेश करेगी स्वीडिश कंपनी, 500 युवाओं को मिलेगी नौकरी

Uttar Pradesh News: ग्रेटर नोएडा में विदेशी निवेश को लेकर एक और अच्छी खबर सामने आई है। बता दें स्वीडन की कंपनी केबी कंपोनेंट इंडिया (KB Components India) ने ग्रेटर नोएडा में उद्योग स्थापित करने की इच्छा जताई है। कंपनी की योजना करीब 150 करोड़ रुपये का निवेश करने और 500 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की है। इसके लिए कंपनी को लगभग 20 हजार वर्ग मीटर जमीन की आवश्यकता है। बुधवार को कंपनी के प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।

प्राधिकरण के बोर्ड रूम में हुई बैठक

जानकारी के लिए बता दें 25 नवंबर यानि बुधवार को स्वीडन की कंपनी केबी कंपोनेंट इंडिया का प्रतिनिधिमंडल ग्रेटर नोएडा पहुंचा। यहां प्राधिकरण के बोर्ड रूम में एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव और एसीईओ नुपुर गोयल के साथ बैठक हुई। वहीं, इस दौरान कंपनी के प्रतिनिधियों ने ग्रेटर नोएडा में उपलब्ध औद्योगिक सुविधाओं, इंफ्रास्ट्रक्चर, सरकारी नीतियों और लैंड बैंक के बारे में जानकारी ली। कंपनी की ओर से बताया गया कि वह ग्रेटर नोएडा में लगभग 20 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अपना उद्योग स्थापित करना चाहती है। इस परियोजना में करीब 150 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। उद्योग शुरू होने से स्थानीय युवाओं के लिए लगभग 500 रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

आईआईटीजीएनएल की सुविधाओं से कराया अवगत

बैठक के दौरान एसीईओ प्रेरणा सिंह ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल के औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी दी। जिसमें उन्होंने बताया कि इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप (Integrated Industrial Township) देश की सबसे स्मार्ट औद्योगिक टाउनशिप में शामिल है। इसे प्लग एंड प्ले सिस्टम के आधार पर विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि यहां उद्योग लगाने के इच्छुक निवेशकों को कम समय में भूखंड आवंटित करने की व्यवस्था है। औद्योगिक इकाइयों के संचालन के लिए जरूरी सुविधाएं पहले से विकसित की जा चुकी हैं। ऐसे में भूखंड आवंटित होते ही उद्यमी अपना उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।

रोड, रेल और एयर कनेक्टिविटी का मिलेगा लाभ

एसीईओ ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नजदीक होने के कारण ग्रेटर नोएडा निवेश के लिहाज से बेहतर विकल्प है। यहां सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी की अच्छी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे उद्योगों को परिवहन और लॉजिस्टिक्स में भी फायदा मिल सकता है। दरसअल, बैठक में कंपनी की ओर से मैगनस एंडरसन, मिसेल ग्रिंडबोर्न, टोरकेल कोगलोसा, इंडिया के एवीपी देवेंद्र शर्मा और जनरल मैनेजर अजीत सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा आईबीए अध्यक्ष अमित उपाध्याय और उद्यमी मित्र भी उपस्थित रहे।

कंपनी के प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा में निवेश करने में रुचि दिखाई है। यदि यह प्रस्ताव आगे बढ़ता है तो क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

ये भी पढ़ें: सपा की पहली लिस्ट हुई जारी, पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...