आजमगढ़। जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से एआरटीओ प्रवर्तन अतुल कुमार यादव के नेतृत्व में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
एआरटीओ प्रवर्तन टीम ने आजमगढ़ शहर के प्रमुख स्थानों जैसे भंवरनाथ चौराहा, जुनैदगंज चौराहा, बावली मोड़ और नरौली चौराहा सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में वाहनों की जांच की। इस दौरान पुलिस और परिवहन विभाग की टीम ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की।
चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 62 चालकों के चालान किए गए। वहीं वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले 19 चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा सड़क पर गलत दिशा में वाहन चलाकर यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वाले 34 वाहन चालकों के चालान काटे गए।

अभियान के दौरान कुल 115 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन वाहनों पर लगभग 1.30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
एआरटीओ प्रवर्तन अतुल कुमार यादव ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात के लिए हर नागरिक का नियमों का पालन करना जरूरी है।