मथुरा-वृंदावन में 11 नवंबर 2026 को मनाए जाने वाले यम द्वितीया पर्व को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में 2 नवंबर को नगर निगम कार्यालय, भूतेश्वर में नगर आयुक्त ओजस्वी राज की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें समाजसेवी गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी, क्षेत्रीय पार्षदों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, घाटों की स्वच्छता, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने सभी विभागों को पर्व से पहले व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने यमुना नदी के दोनों किनारों पर स्थित घाटों पर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में गोताखोर, स्टीमर और लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके अलावा गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड और बैनर लगाए जाएंगे, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग पूरी तरह ढके हुए चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। इसके साथ ही घाटों के दोनों ओर खोया-पाया शिविर भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे बिछड़े लोगों को उनके परिजनों से मिलाने में मदद मिल सके।
बैठक में घाटों की सफाई, मरम्मत, सजावट और प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को घाटों और उनसे जुड़े रास्तों पर 24 घंटे सफाई व्यवस्था बनाए रखने के साथ नियमित चूना छिड़काव कराने को कहा गया। वहीं, घाटों की दीवारों पर वॉल पेंटिंग के जरिए सौंदर्यीकरण और संपर्क मार्गों पर जरूरत के अनुसार पैचवर्क कराया जाएगा।

श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु पानी के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा घाटों और आसपास के रास्तों पर जलभराव रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। प्रकाश विभाग को भी पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने स्पष्ट किया कि यम द्वितीया पर्व से पहले सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्र, अपर नगर आयुक्त सुनीता सिंह, प्रियंका सिंह, अनिल कुमार, सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।