1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वाराणसी से दिल्ली तक बुलेट ट्रेन का सफर होगा आसान, PM मोदी ने नॉर्थ कॉरिडोर को दी मंजूरी

वाराणसी से दिल्ली तक बुलेट ट्रेन का सफर होगा आसान, PM मोदी ने नॉर्थ कॉरिडोर को दी मंजूरी

PM मोदी ने दिल्ली-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर को मंजूरी दी है। इससे लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज समेत कई शहर जुड़ेंगे। दिल्ली से वाराणसी का सफर करीब 3 घंटे 35 मिनट में पूरा होने का अनुमान है।

By: Nivedita  RNI News Network
Updated:
वाराणसी से दिल्ली तक बुलेट ट्रेन का सफर होगा आसान, PM मोदी ने नॉर्थ कॉरिडोर को दी मंजूरी

वाराणसी समेत उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों के लिए हाईस्पीड रेल कनेक्टिविटी की दिशा में बड़ी खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से गुवाहाटी तक प्रस्तावित बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 31 अक्टूबर को वाराणसी में इसकी जानकारी दी। इस प्रस्तावित कॉरिडोर से उत्तर प्रदेश के आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज जैसे शहरों को जोड़ा जाएगा। इसके आगे यह रूट पटना, सिलीगुड़ी होते हुए गुवाहाटी तक पहुंचेगा।

दिल्ली से वाराणसी का सफर करीब साढ़े तीन घंटे में होगा पूरा

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, प्रस्तावित बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद दिल्ली से वाराणसी की यात्रा लगभग 3 घंटे 35 मिनट में पूरी हो सकेगी। वहीं दिल्ली से कानपुर पहुंचने में करीब 1 घंटा 45 मिनट और लखनऊ पहुंचने में लगभग 2 घंटे 12 मिनट लगने का अनुमान है। इससे उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो सकता है।

लखनऊ, अयोध्या, काशी और प्रयागराज को मिलेगा फायदा

नॉर्थ कॉरिडोर में उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण शहर शामिल किए गए हैं। लखनऊ, अयोध्या, काशी और प्रयागराज जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्रों को हाईस्पीड रेल नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिल सकती है। साथ ही व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

 

 

बेंगलुरु में तैयार हो रही स्वदेशी बुलेट ट्रेन 

भारत में स्वदेशी हाईस्पीड ट्रेन निर्माण की दिशा में भी काम आगे बढ़ रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बेंगलुरु स्थित BEML के कारखाने का दौरा कर देश में विकसित की जा रही B-28 बुलेट ट्रेन के निर्माण और तकनीकी परीक्षणों का जायजा लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ट्रेन का डिजाइन तैयार हो चुका है और इसका पहला सेट वर्ष 2027 में सामने आने की उम्मीद है।

रेल मंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो

अश्विनी वैष्णव ने बेंगलुरु के निर्माण केंद्र के दौरे का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया। इसमें स्वदेशी बुलेट ट्रेन के निर्माण और तकनीकी प्रक्रियाओं की झलक दिखाई गई। भारत में हाईस्पीड रेल तकनीक को विकसित करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नॉर्थ कॉरिडोर के प्रस्तावित रूट और स्वदेशी ट्रेन निर्माण से देश में भविष्य की रेल यात्रा को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, कॉरिडोर के निर्माण और संचालन की विस्तृत समयसीमा का इंतजार है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...