1. हिन्दी समाचार
  2. अन्य खबरें
  3. गोरखपुर में गरीब परिवारों के लिए राहत, जीडीए के कल्याण मंडपम में ₹11,000 में होगी शादी

गोरखपुर में गरीब परिवारों के लिए राहत, जीडीए के कल्याण मंडपम में ₹11,000 में होगी शादी

गोरखपुर विकास प्राधिकरण के कल्याण मंडपम गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए कम खर्च में शादी और सामाजिक कार्यक्रमों का बेहतर विकल्प बन रहे हैं। पात्र परिवारों के लिए बुकिंग शुल्क ₹11,000 तय किया गया है।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
गोरखपुर में गरीब परिवारों के लिए राहत, जीडीए के कल्याण मंडपम में ₹11,000 में होगी शादी

गोरखपुर। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए कम खर्च में शादी और पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित करना अब पहले से आसान हो गया है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा बनाए गए कल्याण मंडपम लोगों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं। इन मंडपमों का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को कम लागत में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

जीडीए और नगर निगम की ओर से बनाए गए कुल 9 कल्याण मंडपमों में से 5 का उद्घाटन हो चुका है। यहां शादी-विवाह, सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। जीडीए के उपाध्यक्ष ने बताया कि दो और कल्याण मंडपमों का उद्घाटन जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों किया जाएगा, जबकि शेष दो मंडपमों का निर्माण कार्य दिवाली तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप इन मंडपमों को विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। जिन परिवारों की वार्षिक आय ₹3 लाख से कम है, उनके लिए बुकिंग शुल्क केवल ₹11,000 रखा गया है, जबकि अन्य लोगों के लिए यह शुल्क ₹21,000 निर्धारित किया गया है। वर्तमान में बुकिंग की सुविधा ऑफलाइन उपलब्ध है और इच्छुक लोग जीडीए कार्यालय जाकर आवेदन कर सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी।

प्रत्येक कल्याण मंडपम में करीब 200 लोगों के बैठने की क्षमता वाला हॉल, विवाह के लिए स्टेज, आधुनिक किचन, भोजन व्यवस्था के लिए पर्याप्त स्थान तथा दूल्हा-दुल्हन और परिजनों के लिए 4 से 5 कमरे उपलब्ध हैं। इसके अलावा पानी, बिजली, सुरक्षा और बागवानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी जीडीए की ओर से उपलब्ध कराई जाती हैं। जबकि केटरिंग, टेंट और लाइटिंग जैसी व्यवस्थाएं लोग अपनी आवश्यकता और बजट के अनुसार स्वयं कर सकते हैं।

गोरखपुर विकास प्राधिकरण का मानना है कि यह पहल उन परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी, जो सीमित बजट में गरिमापूर्ण तरीके से अपने पारिवारिक समारोह आयोजित करना चाहते हैं।
रिपोर्ट : अंकित श्रीवास्तव

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...