Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 (Uttar Pradesh Assembly Elections 2027) को लेकर सियासी गतिविधियां शुरू होने लगी हैं। दरसअल, चुनाव की तारीखों का ऐलान होने से पहले ही राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। इस कड़ी में जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) ने प्रतापगढ़ जिले की तीन विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने तीन प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। इस सूची में राजा भैया ने खुद भी चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी के इस फैसले से प्रतापगढ़ जिले की राजनीति में हलचल बढ़ गई है।
जनसत्ता दल की पहली सूची के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष राजा भैया एक बार फिर से अपनी परंपरागत कुंडा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। कुंडा सीट से उनका पुराना राजनीतिक रिश्ता रहा है। वह वर्ष 1993 से लगातार इस सीट पर जीत दर्ज करते आ रहे हैं। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव में भी पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है।
जानकारी के लिए बता दें राजा भैया की उम्मीदवारी को पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। कुंडा क्षेत्र में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ रही है। पार्टी समर्थकों की नजर अब चुनावी तैयारियों पर रहेगी।
जनसत्ता दल ने प्रतापगढ़ जिले की बाबागंज सुरक्षित विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक विनोद सरोज को दोबारा उम्मीदवार बनाया है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में विनोद सरोज ने इस सीट से जीत हासिल की थी। ऐसे में पार्टी ने उनके अनुभव और क्षेत्र में राजनीतिक पकड़ को देखते हुए एक बार फिर मौका दिया है।
पार्टी ने विश्वनाथगंज विधानसभा सीट से कुलदीप पटेल को प्रत्याशी घोषित किया है। कुलदीप पटेल प्रतापगढ़ के जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर अपना दल (सोनेलाल) के जीत लाल पटेल ने जीत दर्ज की थी। ऐसे में इस बार जनसत्ता दल की ओर से कुलदीप पटेल को मैदान में उतारना चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना सकता है।
जनसत्ता दल ने चुनाव से पहले ही तीन सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। कुंडा और बाबागंज को पार्टी का मजबूत क्षेत्र माना जाता है, जबकि विश्वनाथगंज में भी पार्टी अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेगी। अब देखना होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनसत्ता दल के ये उम्मीदवार दूसरे राजनीतिक दलों को कितनी चुनौती दे पाते हैं।
ये भी पढ़ें: आगरा में मजार पर बुलडोजर की तैयारी शुरू, अधिकारियों को भेजा नोटिस