1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोवर्धन परिक्रमा मार्ग के विकास पर 18 करोड़ खर्च करेगा रिलायंस

गोवर्धन परिक्रमा मार्ग के विकास पर 18 करोड़ खर्च करेगा रिलायंस

रिलायंस ग्रुप गोवर्धन परिक्रमा मार्ग और प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास पर पहले चरण में 18 करोड़ रुपये खर्च करेगा। भक्तों को निशुल्क प्रसाद और ब्रजवासियों को शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
गोवर्धन परिक्रमा मार्ग के विकास पर 18 करोड़ खर्च करेगा रिलायंस

Uttar Pradesh News: गोवर्धन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। बता दें रिलायंस ग्रुप ने ब्रज क्षेत्र के विकास और गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर सुविधाओं के विस्तार के लिए बड़ी पहल की है। समूह ने अपने सेवा-संकल्प के पहले चरण में 18 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत गोवर्धन परिक्रमा मार्ग, प्रमुख धार्मिक स्थलों और पुष्टिमार्गीय विरासत स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय ब्रजवासियों के बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अनंत अंबानी ने की गोवर्धन परिक्रमा

रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी हाल ही में मथुरा पहुंचे थे। यहां उन्होंने गिरिराज जी की गोवर्धन परिक्रमा पूरी की है। यह यात्रा उन्होंने अपने पुष्टि गुरु और नाथद्वारा के आचार्य गोस्वामी विशाल बावा साहब के सान्निध्य में की। वहीं, इस दौरान अनंत अंबानी ने गिरिराज जी सहित कई पवित्र पुष्टिमार्गीय स्थलों पर दंडवत प्रणाम किया। उन्होंने गुरु विशाल बावा साहब के साथ पैदल परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण भी किया। इस दौरान रास्ते की स्थिति, बुनियादी सुविधाओं और श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानियों का जायजा लिया गया। इसी के बाद ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए 18 करोड़ रुपये खर्च करने का संकल्प लिया गया।

गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का होगा सौंदर्यीकरण

रिलायंस ग्रुप की योजना के तहत पूरे गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का विकास किया जाएगा। इसके अलावा जतीपुरा स्थित गिरिराज मुखारविंद और अन्य प्रमुख पुष्टिमार्गीय धार्मिक स्थलों का भी सौंदर्यीकरण होगा। इस काम में धार्मिक स्थलों की प्राचीन विरासत और धार्मिक मर्यादा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

जानकारी के लिए बता दें योजना का मुख्या उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए परिक्रमा मार्ग पर बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

भक्तों को मिलेगा निशुल्क प्रसाद

इस सेवा योजना में स्थानीय ब्रजवासियों के कल्याण को भी शामिल किया गया है। ब्रज के परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा भविष्य में गोवर्धन परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क और शुद्ध प्रसादी भोजन की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए ‘विशाल एवं अनंत भोज’ शुरू करने की योजना है। इससे श्रद्धालुओं को भोजन की सुविधा मिलेगी और ब्रज क्षेत्र में सेवा गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

काशी विश्वनाथ मंदिर को दिया एक करोड़ रुपये का दान

मथुरा पहुंचने से पहले अनंत अंबानी वाराणसी भी गए थे। 23 नवंबर को उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर और मां अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन-पूजन किया था। इस दौरान उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर को एक करोड़ रुपये का दान भी दिया था। रिलायंस ग्रुप की इस पहल से गोवर्धन में धार्मिक पर्यटन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: योगी का विपक्ष पर तीखा प्रहार, कहा- अब बदल चुका है उत्तर प्रदेश

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...