1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गौतमबुद्धनगर में मतदाता पंजीकरण बढ़ाने के लिए सीईओ ने दिए निर्देश

गौतमबुद्धनगर में मतदाता पंजीकरण बढ़ाने के लिए सीईओ ने दिए निर्देश

गौतमबुद्धनगर में मतदाता सूची पुनरीक्षण-2027 की समीक्षा के दौरान CEO नवदीप रिणवा ने युवाओं और महिलाओं का पंजीकरण बढ़ाने तथा फॉर्म-6 के आवेदनों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
गौतमबुद्धनगर में मतदाता पंजीकरण बढ़ाने के लिए सीईओ ने दिए निर्देश

Uttar Pradesh News: गौतमबुद्धनगर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 Special Summary Revision of Electoral Rolls 2027 (SSR 2027) के तहत मतदाता सूची (Voter List) को ज्यादा प्रभावी और समावेशी बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सोमवार को नोएडा में अधिकारियों के साथ बैठक कर मतदाता पंजीकरण अभियान की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। खासतौर पर 18 और 19 वर्ष के युवाओं तथा महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

फॉर्म-6 के आवेदनों का जल्द करना होगा निस्तारण

सेक्टर-27 स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में हुई बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 17 से 22 नवंबर तक चले छह दिवसीय विशेष अभियान की समीक्षा की। इस दौरान फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की प्रगति का जायजा लिया गया।

नवदीप रिणवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऑनलाइन प्राप्त होने वाले फॉर्म-6 को तेजी से निस्तारित किया जाए। किसी भी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) के लॉगिन पर एक दिन से अधिक आवेदन लंबित नहीं रहने चाहिए। आवेदन मिलते ही उसी दिन संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को भेजा जाए। उन्होंने कहा कि बीएलओ आवेदन में दर्ज पते का स्थलीय सत्यापन कर जल्द रिपोर्ट दें। इसके बाद एईआरओ जांच करके आवेदन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) को भेजें, ताकि नियमानुसार समय पर निर्णय लिया जा सके।

युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष फोकस

मुख्य निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि जिले में नए मतदाताओं को जोड़ने की काफी संभावनाएं हैं। इसके लिए इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों को सक्रिय करने और विशेष पंजीकरण शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम और सखी समूहों की मदद से पात्र महिलाओं को फॉर्म-6 भरने के लिए जागरूक किया जाएगा।

16 दिसंबर तक पूरा करना है अभियान

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 16 दिसंबर तक कार्य पूरा करने के लिए अब 23 दिन शेष हैं। उन्होंने अधिकारियों और बीएलओ को बेहतर समन्वय के साथ काम करने को कहा। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें: विश्व मत्स्यिकी दिवस पर किसानों को मिली बड़ी सुविधा

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...