Uttar Pradesh News: संगम नगरी प्रयागराज में माघ मेला 2027 (Magh Mela 2027) की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया है। दरसअल, रविवार को संगम क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया। इसके साथ ही मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस बार माघ मेले में करीब 20 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
माघ मेला 2027 के भूमि पूजन कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया, एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. अजय पाल शर्मा, विजय ढुल, डीसीपी माघ मेला विवेक चंद्र यादव, एडीसीपी विजय आनंद और एसीपी अरुण पाराशर शामिल हुए। सभी अधिकारियों ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। वहीं, इस खास अवसर पर श्रीमठ बाघम्बरी गद्दी के श्रीमहंत बलवीर गिरि महाराज भी विशेष रूप से मौजूद रहे। भूमि पूजन के साथ ही मेला क्षेत्र में जरूरी व्यवस्थाओं को तैयार करने का काम शुरू हो जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र में कई अस्थायी पुलिस व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इसके तहत अस्थायी रिजर्व पुलिस लाइन, पुलिस थाने, चौकियां और अग्निशमन केंद्र बनाए जाएंगे। इसके अलावा भीड़ पर नजर रखने के लिए वॉच टावर भी स्थापित किए जाएंगे। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य मेले के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
माघ मेला 2027 की शुरुआत 15 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर होगी। इसका समापन 6 मार्च को महाशिवरात्रि के दिन होगा। इस तरह संगम की रेती पर 52 दिनों तक तंबुओं का शहर आबाद रहेगा।
मेले में पौष पूर्णिमा, मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी, माघी पूर्णिमा और महाशिवरात्रि सहित छह प्रमुख स्नान पर्व होंगे। इन अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के संगम में आस्था की डुबकी लगाने की संभावना है।
करीब 20 करोड़ श्रद्धालुओं के आने के अनुमान को देखते हुए सुरक्षा के लिए लगभग 10 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। ड्यूटी के लिए 50 वर्ष से कम उम्र और शारीरिक रूप से स्वस्थ पुलिसकर्मियों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही शाकाहारी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई है। प्रशासन का लक्ष्य है कि माघ मेला 2027 को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाया जाए।
ये भी पढ़ें: यूपी चुनाव के लिए बसपा का नया दांव, सर्वसमाज पर नजर