Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Elections 2027) को लेकर बीजेपी ने अपनी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। बता दें लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटी पार्टी अब सीधे गांवों में पहुंचकर जनता से संवाद करेगी। इसके लिए बीजेपी ने ‘चौपाल अभियान’ (BJP Chaupal Campaign) शुरू करने की योजना बनाई है। वहीं, इस अभियान के तहत पार्टी के विधायक, सांसद और संगठन के पदाधिकारी गांवों में लोगों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और सरकार के कामकाज का फीडबैक लेंगे। बीजेपी की इस रणनीति को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनसंपर्क मजबूत करने और नाराजगी दूर करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
बीजेपी के उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में हुई वर्चुअल बैठक में अभियान की रूपरेखा तैयार की गई।
पार्टी नेतृत्व ने सभी जनप्रतिनिधियों को 5 दिसंबर तक चौपाल लगाने का लक्ष्य दिया है। इसके तहत प्रत्येक विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 50 चौपाल आयोजित करनी होंगी। वहीं, लोकसभा सांसदों को अपने संसदीय क्षेत्र में 10 चौपाल लगाने की जिम्मेदारी दी गई है।
बीजेपी ने उन विधानसभा सीटों पर भी विशेष ध्यान देने का फैसला किया है, जहां पार्टी के विधायक नहीं हैं या संगठन कमजोर स्थिति में है। ऐसी सीटों पर विधान परिषद सदस्यों और राज्यसभा सांसदों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके अलावा, 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में जिन सीटों पर बीजेपी को सपा और कांग्रेस से पिछड़ना पड़ा था, वहां भी संगठन के मजबूत नेताओं को सक्रिय किया जाएगा।
बीजेपी के चौपाल अभियान (BJP Chaupal Campaign) का मुख्य उद्देश्य जनता से सीधा संवाद करना है। जनप्रतिनिधि गांवों में बैठक कर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में लोगों से जानकारी लेंगे। साथ ही स्थानीय समस्याओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े फीडबैक भी जुटाएंगे।
पार्टी संगठन ने प्रदेश में हर दो जिलों के बीच एक पर्यवेक्षक नियुक्त करने की योजना बनाई है। इस तरह कुल 40 पर्यवेक्षक गांवों में पहुंचकर चौपाल और जनसंपर्क अभियान की रिपोर्ट तैयार करेंगे। इसके साथ ही मतदाता सूची के विशेष सारांश पुनरीक्षण (SSR) की भी समीक्षा की जा रही है। बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता भी घर-घर संपर्क अभियान के जरिए लोगों तक पहुंच बनाने में जुटेंगे। इस पूरी कवायद के जरिए बीजेपी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने, जनता की नाराजगी समझने और अपने चुनावी समीकरण दुरुस्त करने की तैयारी कर रही है।
ये भी पढ़ें: अयोध्या पहुंचे सीएम योगी, हनुमानगढ़ी में टेका माथा