Uttar Pradesh News: नोएडा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दरसअल, थाना सेक्टर-24 पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल (Anti Narcotics Cell) की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 20 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपी दूसरे राज्यों से ट्रेन के जरिए सस्ते दामों पर गांजा लाकर नोएडा और एनसीआर में सप्लाई करते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर 2026 को थाना सेक्टर-24 पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली, जिसके आधार पर आरटीओ ऑफिस के पीछे गंदे नाले के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार (30 वर्ष) निवासी ग्राम दाऊपुर, थाना जवां, जिला अलीगढ़ और राजेश साह (50 वर्ष) निवासी जिला खगड़िया, बिहार के रूप में हुई है।
ऐसे में पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दूसरे राज्यों से ट्रेन के माध्यम से कम कीमत पर गांजा खरीदकर लाते थे। इसके बाद नोएडा और एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस तरह वे लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में शामिल थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सूटकेस में रखे गांजे के बंडल बरामद किए। बरामद गांजे का कुल वजन 20 किलो 600 ग्राम है। इसकी बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस को यात्रा से संबंधित टिकट की छायाप्रति भी मिली है।
इस मामले में थाना सेक्टर-24 में मुकदमा अपराध संख्या 615/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
ये भी पढ़ें: यूपी में बीजेपी का मेगा जनसंपर्क अभियान, विधायकों को 50 चौपाल का लक्ष्य