Uttar Pradesh News: अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। बता दें दोनों धार्मिक शहरों को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन (Saryu-Kamala Express Train) की शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन को रवाना किया। 28 नवंबर से यह ट्रेन नियमित रूप से साप्ताहिक सेवा के रूप में चलेगी। खास बात यह है कि 604 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेन को करीब 19 घंटे लगेंगे। इस रेल सेवा से भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या से जनकपुर तक के सफर में कुल 10 स्टेशनों पर रुकेगी। इसके रूट में अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर स्टेशन शामिल हैं। इस ट्रेन के जरिए यात्रियों को अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से रवाना होगी, जबकि जनकपुर धाम से इसकी वापसी सेवा प्रत्येक शनिवार को संचालित होगी। इससे श्रद्धालुओं को दोनों धार्मिक स्थलों के बीच यात्रा करने में आसानी होगी।
सरयू-कमला एक्सप्रेस में कुल 17 कोच लगाए गए हैं। इसमें एसी, स्लीपर और सीटिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। ट्रेन में आठ एसी कोच, सात स्लीपर कोच, एक लगेज-कम-सीटिंग कोच और एक पावर कोच शामिल हैं। इसकी कुल यात्री क्षमता 1,158 बताई गई है। एसी श्रेणी में टू-टियर और थ्री-टियर कोच होंगे। वहीं, स्लीपर कोच में भी यात्रियों के लिए पर्याप्त बर्थ की व्यवस्था की गई है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस रेल सेवा को भारत और नेपाल के प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि नेपाल के श्रद्धालु अब आसानी से अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे। वहीं, भारत के श्रद्धालुओं को जनकपुर धाम जाकर माता जानकी का आशीर्वाद लेने में सुविधा होगी। यह रेल सेवा भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर को जोड़ेगी। इससे दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन के साथ सांस्कृतिक संबंधों को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: प्रयागराज में माघ मेला 2027 की तैयारियां हुई शुरू, भूमि पूजन हुआ संपन्न