हाथरस: विश्व पर्यावरण संरक्षण और गौसंवर्धन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को सासनी स्थित दाऊ जी गौशाला में “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अलीगढ़ मंडल की कमिश्नर संगीता सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान कमिश्नर संगीता सिंह ने गौ माता की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया और गौशाला में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में किए गए नवाचारों, स्वच्छता व्यवस्था और गोवंश संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जानकारी देते हुए बताया कि गौशाला के निर्माण में अनुपयोगी और खराब पड़े नालों के पाइपों का उपयोग किया गया है। इस नवाचार से न केवल सरकारी धन की बचत हुई बल्कि बेकार पड़ी सामग्री का भी बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया गया। उन्होंने बताया कि गोवंशों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए गौशाला परिसर में 115 गुणा 60 फीट का विशाल टिन शेड भी तैयार किया गया है।
कमिश्नर संगीता सिंह ने दाऊ जी गौशाला को हाथरस जिले की पहली ऐसी मॉडल गौशाला बताया, जहां व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल अन्य स्थानों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकती है। उन्होंने गौशाला के सफल संचालन के लिए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सुरेंद्र सिंह और पंचायत सचिव विदेश शर्मा के कार्यों की विशेष रूप से प्रशंसा की।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और गौसंवर्धन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में वृक्ष लगाएं और उनकी देखभाल का संकल्प लें। अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों का संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, गौ सेवा और संसाधनों के सदुपयोग का संदेश समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।