1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 का पहला जत्था रवाना, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा गाजियाबाद

कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 का पहला जत्था रवाना, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा गाजियाबाद

गाजियाबाद के कैलाश मानसरोवर भवन से कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के पहले जत्थे को रवाना किया गया। 47 श्रद्धालु नाथुला दर्रे के रास्ते भगवान शिव के पवित्र धाम के लिए रवाना हुए।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 का पहला जत्था रवाना, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा गाजियाबाद

गाजियाबाद। आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के प्रथम दल का भव्य प्रस्थान गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन से संपन्न हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुनील शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को रवाना किया।

यात्रा के लिए पंजीकृत 50 श्रद्धालुओं में से चिकित्सा परीक्षण के बाद 47 श्रद्धालु पूरी तरह स्वस्थ पाए गए और उन्हें यात्रा के लिए अनुमति प्रदान की गई। सभी श्रद्धालु अपने लाइजन ऑफिसर्स (एलओ), आईटीबीपी के जवानों और चिकित्सा दल के साथ विशेष बसों से एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए, जहां से वे सिक्किम के नाथुला दर्रे के रास्ते कैलाश मानसरोवर की ओर प्रस्थान करेंगे।

प्रस्थान समारोह के दौरान कैलाश मानसरोवर भवन का पूरा परिसर शिवमय वातावरण में डूबा नजर आया। “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोषों से पूरा परिसर गूंज उठा। भजन-कीर्तन, शिव स्तुति, ढोल-नगाड़ों और ताशों की मंगलध्वनि के बीच श्रद्धालु भक्ति और उत्साह से सराबोर दिखाई दिए।

ad

ad

यात्रा शुरू होने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने भवन परिसर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद श्रद्धालु भजन गाते, नृत्य करते और जयघोष लगाते हुए बसों में सवार होकर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। उपस्थित लोगों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना की।

कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन, अधिशासी अभियंता योगेश पटेल तथा उत्तर प्रदेश शासन के नोडल अधिकारी एवं संयुक्त सचिव धर्मार्थ कार्य निदेशालय विश्व भूषण मिश्रा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने श्रद्धालुओं के पांच दिवसीय प्रवास के दौरान विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराईं। यात्रियों के लिए आरामदायक आवास, सात्विक भोजन, योग एवं प्राणायाम सत्र, 24 घंटे चिकित्सा सहायता, एम्बुलेंस सेवा, आध्यात्मिक साहित्य और यात्रा संबंधी मार्गदर्शन की विशेष व्यवस्था की गई थी।

श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का आभार व्यक्त करते हुए व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यात्रा से पहले मिली सुविधाओं और मार्गदर्शन ने उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उल्लेखनीय है कि 21 दिनों की इस पवित्र यात्रा के दौरान श्रद्धालु कैलाश पर्वत की परिक्रमा भी करेंगे। इसे सनातन परंपरा की सबसे कठिन और पवित्र तीर्थ यात्राओं में से एक माना जाता है। श्रद्धालुओं के पहले दल के प्रस्थान के साथ ही कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 का आधिकारिक शुभारंभ हो गया है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...